मोहाली, 11 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- PSEB 10th Result 2026 : पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने पंजाब बोर्ड 10वीं परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। करीब 2.97 लाख छात्रों का इंतजार आज खत्म हो गया। बोर्ड ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए परिणाम घोषित किए, जिसके बाद ऑफिशियल वेबसाइट pseb.ac.in पर रिजल्ट लिंक एक्टिव कर दिया गया। छात्र अपने रोल नंबर के जरिए ऑनलाइन परिणाम देख सकते हैं।
SMS से भी चेक कर सकते हैं रिजल्ट
रिजल्ट जारी होने के बाद वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक के चलते कई बार तकनीकी दिक्कतें सामने आती हैं। ऐसे में छात्र SMS के जरिए भी अपना रिजल्ट प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल के मैसेज बॉक्स में PB10 लिखकर 5676750 नंबर पर भेजना होगा। इसके कुछ समय बाद रिजल्ट मोबाइल इनबॉक्स में प्राप्त हो जाएगा।
इस बार 94.52 फीसदी रहा रिजल्ट
पंजाब बोर्ड 10वीं परीक्षा 2026 में इस बार कुल रिजल्ट 94.52 प्रतिशत दर्ज किया गया है। लड़कियों ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़कियों का पास प्रतिशत 95.96 फीसदी रहा, जबकि लड़कों का रिजल्ट 93.23 प्रतिशत दर्ज किया गया। पिछले साल पंजाब बोर्ड का कुल रिजल्ट 96.61 फीसदी रहा था।
PSEB 10th Result 2026 : कितने छात्र हुए पास?
इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा में कुल 2,69,505 छात्र शामिल हुए थे। इनमें से 2,54,744 छात्रों ने परीक्षा पास की है। इसके अलावा 13,126 छात्रों की सप्लीमेंट्री आई है, जबकि 1,593 छात्र परीक्षा में फेल हुए हैं। बोर्ड ने 42 छात्रों के परिणाम फिलहाल रोक दिए हैं।
पास होने के लिए जरूरी हैं 33% अंक
पंजाब बोर्ड परीक्षा में सफल होने के लिए सभी विषयों में कम से कम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। जो छात्र एक या दो विषयों में फेल हुए हैं, वे कंपार्टमेंट परीक्षा देकर अपना साल बचा सकते हैं। बोर्ड जल्द ही कंपार्टमेंट परीक्षा से जुड़ी जानकारी और आवेदन प्रक्रिया जारी करेगा।