
वॉशिंगटन, 9 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Russia Ukraine ceasefire : डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि रूस और यूक्रेन के बीच तीन दिन के युद्धविराम पर सहमति बन गई है। ट्रंप ने इसे लंबे समय से जारी युद्ध को खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि 9, 10 और 11 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर लागू रहेगा।
‘विक्ट्री डे’ के दौरान रुकेगी जंग
अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि यह युद्धविराम रूस के ‘विक्ट्री डे’ समारोह के दौरान लागू होगा। उन्होंने कहा कि दूसरे विश्व युद्ध में यूक्रेन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी, इसलिए यह समय दोनों देशों के लिए प्रतीकात्मक रूप से अहम माना जा रहा है। ट्रंप के अनुसार, इस दौरान दोनों पक्ष सभी सैन्य कार्रवाई और हमले रोक देंगे।
1000-1000 कैदियों की होगी अदला-बदली
ट्रंप ने बताया कि रूस और यूक्रेन कैदियों की बड़ी अदला-बदली पर भी सहमत हुए हैं। इस समझौते के तहत दोनों देश एक-दूसरे के 1000-1000 कैदियों को रिहा करेंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल की शुरुआत सीधे तौर पर उनके अनुरोध पर हुई।
पुतिन और जेलेंस्की की सराहना
ट्रंप ने व्लादिमीर पुतिन और वलोडिमिर ज़ेलेंस्की दोनों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने समझौते पर सहमति जताकर सकारात्मक संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि यह घटनाक्रम युद्ध में एक बड़े मोड़ की तरह साबित हो सकता है और उम्मीद है कि यह लंबे संघर्ष के अंत की शुरुआत बनेगा।
Russia Ukraine ceasefire : युद्ध में अब तक का बड़ा विराम
अगर यह सीजफायर पूरी तरह लागू होता है, तो इसे युद्ध शुरू होने के बाद सबसे बड़े युद्धविरामों में से एक माना जाएगा।इससे पहले भी कई बार अस्थायी युद्धविराम की कोशिशें हुई थीं, लेकिन वे ज्यादा समय तक नहीं चल सकीं। फिलहाल दुनिया की नजर इस बात पर टिकी है कि आने वाले दिनों में यह समझौता जमीनी स्तर पर कितना सफल साबित होता है।
रूस में क्यों खास है ‘विक्ट्री डे’?
रूस में हर साल 9 मई को ‘विक्ट्री डे’ मनाया जाता है। यह दिन दूसरे विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर सोवियत संघ की जीत की याद में बेहद महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व माना जाता है। वहीं यूक्रेन भी इस युद्ध की विरासत को याद करता है, हालांकि हाल के वर्षों में उसने सोवियत प्रतीकों से दूरी बनाने की कोशिश की है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


