
चंडीगढ़, 9 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- ED raid Sanjeev Arora : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर एक बार फिर छापेमारी की है। मंत्री के चंडीगढ़ स्थित आवास समेत कुल छह ठिकानों पर कार्रवाई की गई।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह ईडी की टीम करीब 15 गाड़ियों के काफिले के साथ सेक्टर-2 स्थित मंत्री आवास पहुंची। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया और मौके पर बड़ी संख्या में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) जवान तैनात किए गए।
घर के अंदर-बाहर आवाजाही पर रोक
सूत्रों के अनुसार छापेमारी के दौरान किसी भी व्यक्ति को घर के अंदर जाने या बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई। फिलहाल ईडी की ओर से रेड के आधिकारिक कारणों का खुलासा नहीं किया गया है। यह भी साफ नहीं हो पाया है कि कार्रवाई के समय संजीव अरोड़ा घर पर मौजूद थे या नहीं। बताया जा रहा है कि पिछले एक महीने में यह दूसरी बार है, जब ईडी ने मंत्री अरोड़ा से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की है।
ED raid Sanjeev Arora : CM भगवंत मान का केंद्र पर हमला
इस कार्रवाई के बाद भगवंत मान ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। सीएम मान ने कहा कि एक साल में तीसरी बार और एक महीने में दूसरी बार ईडी मंत्री संजीव अरोड़ा के घर पहुंची है, लेकिन अब तक कुछ भी बरामद नहीं हुआ। उन्होंने कहा, “पंजाब गुरुओं और शहीदों की धरती है। औरंगजेब भी इसे झुका नहीं सका था। पंजाब भाजपा और ईडी की राजनीति के आगे भी नहीं झुकेगा।”
पहले भी हुई थी कार्रवाई
करीब 20 दिन पहले भी ईडी ने संजीव अरोड़ा और उनके दो सहयोगियों के लुधियाना और जालंधर स्थित ठिकानों पर छापेमारी की थी। तब जांच एजेंसियों ने आरोप लगाया था कि मंत्री पर अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर पंजाब में अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क को संरक्षण देने का संदेह है। हालांकि इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या आरोप तय नहीं किए गए हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


