
रोहतास, 4 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Bihar Road Accident : बिहार के रोहतास जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दिनारा थाना क्षेत्र के मठिया मोड़ के पास बस और कंटेनर की जोरदार टक्कर में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मठिया गांव के लोग चेनारी के लोधी गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम (तिलक समारोह) में शामिल होकर बस से वापस लौट रहे थे। जब बस मठिया मोड़ के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर ने उसे टक्कर मार दी।
मौके पर मची अफरा-तफरी
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार पांच लोगों की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद के मुताबिक, कुछ लोग बस से उतर रहे थे और सामान उतारने की तैयारी कर रहे थे, तभी कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।
Bihar Road Accident : पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम का माहौल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


