
जबलपुर, 2 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Jabalpur Boat Tragedy : मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित Bargi Dam में हुए क्रूज हादसे को लेकर चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। घटना का एक वायरल वीडियो सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर करता है। वीडियो में दिख रहा है कि शुरुआत में सब सामान्य था, लेकिन अचानक पानी तेजी से क्रूज में घुसने लगा और कुछ ही पलों में अफरा-तफरी मच गई। यात्री जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, जबकि बच्चे घबराकर रोने लगे।
सबसे बड़ी लापरवाही यह सामने आई कि क्रूज स्टाफ ने लाइफ जैकेट तब बांटना शुरू किया, जब नाव डूबने लगी थी। कई यात्री बिना लाइफ जैकेट के दिखे, जबकि कुछ खुद स्टोरेज खोलकर उन्हें ढूंढ़ते नजर आए। Inland Vessels Act 2021 के अनुसार, यात्रा शुरू होने से पहले हर यात्री को लाइफ जैकेट देना और पहनाना अनिवार्य है, लेकिन इस नियम की अनदेखी की गई।
प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग की भी पुष्टि हुई है। जानकारी के मुताबिक, क्रूज के लिए 29 टिकट जारी किए गए थे, जबकि उसमें 40 से अधिक लोग सवार थे। इतना ही नहीं, मौसम विभाग द्वारा ऑरेंज अलर्ट और तेज आंधी की चेतावनी के बावजूद क्रूज को पानी में उतार दिया गया। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
Jabalpur Boat Tragedy : दिल दहला देने वाली कहानी
इस दुर्घटना की सबसे भावुक तस्वीर दिल्ली से आए एक परिवार की सामने आई। मरीना मैसी ने अपने 4 वर्षीय बेटे को अपनी लाइफ जैकेट में बांध लिया और आखिरी पल तक उसे सीने से लगाए रखा। जब दोनों के शव मिले, तब भी मां-बेटा एक-दूसरे से लिपटे हुए थे। उनके पति ने बताया कि हादसे के समय स्टाफ ने कोई ठोस मदद नहीं की और सिर्फ यात्रियों को बैठने के लिए कहता रहा।
रेस्क्यू में भी लापरवाही
राहत और बचाव कार्य में भी देरी की बात सामने आई है। शाम 6:15 बजे सूचना मिलने के बावजूद पहली रेस्क्यू टीम 6:40 बजे तक रवाना नहीं हो सकी। तकनीकी खराबी के कारण उपकरण दूसरी गाड़ी में शिफ्ट करने पड़े, जिससे कीमती समय बर्बाद हुआ। दूसरी टीम करीब 7 बजे मौके के लिए निकली। शुरुआती दो घंटे की देरी इस हादसे में भारी साबित हो सकती है। यह पूरा मामला सुरक्षा नियमों की अनदेखी और प्रशासनिक लापरवाही की गंभीर तस्वीर पेश करता है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


