
पुणे (महाराष्ट्र), 2 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Minor Girl Rapped : महाराष्ट्र के पुणे जिले की भोर तहसील से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 4 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची अपनी नानी के घर छुट्टियां बिताने आई थी। शनिवार को वह घर के बाहर खेल रही थी, तभी एक बुजुर्ग व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर अपने पास ले गया। आरोप है कि उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी। काफी देर तक बच्ची के घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पास के एक स्थान से बच्ची का शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
Minor Girl Rapped : सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में संदिग्ध व्यक्ति बच्ची के साथ जाता हुआ दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष देखने को मिला। सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग करने लगे। गुस्साए लोगों ने मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए 15 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


