
मुंबई, 12 मार्च 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Mumbai Bomb Threat : मुंबई में गुरुवार सुबह बम विस्फोट की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। ईमेल के जरिए महाराष्ट्र विधानसभा, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), बॉम्बे हाईकोर्ट और मुंबई मेट्रो समेत कई हाई-प्रोफाइल स्थानों को उड़ाने की धमकी दी गई। इसके बाद पूरे शहर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं और संबंधित जगहों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
मुंबई पुलिस के अनुसार सुबह धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के एक प्रवक्ता ने बताया कि उन्हें धमकी भरा ईमेल मिला है और एहतियात के तौर पर सिक्योरिटी एजेंसियों के साथ मिलकर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
Mumbai Bomb Threat : विधानसभा परिसर कराया गया खाली
धमकी भरे ईमेल में लिखा था कि विधानभवन में बम रखा गया है। इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर पूरे विधानसभा परिसर को खाली करा दिया गया। पत्रकारों और कर्मचारियों को भी बाहर निकाल दिया गया।
मौके पर पहुंची बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने पूरे परिसर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल किसी भी जगह से कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, लेकिन जांच पूरी होने तक तलाशी अभियान जारी रहेगा।
कई जगहों को बनाया गया निशाना
धमकी भरे ईमेल में मुंबई के चार प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया गया था, जिनमें शामिल हैं:
महाराष्ट्र विधानभवन
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE)
बॉम्बे हाईकोर्ट
मुंबई मेट्रो
महाराष्ट्र विधान परिषद के चेयरमैन राम शिंदे ने बताया कि यह ईमेल सुबह करीब 6:57 बजे राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (CPA) को भेजा गया था। चूंकि इस समय विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां और ज्यादा सतर्क हो गई हैं।
Mumbai Bomb Threat : जांच में सामने आया नया एंगल
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि धमकी भरा ईमेल खालिस्तानी प्रदर्शनकारियों से जुड़ा हो सकता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार ईमेल में मिसाइल और बम से हमले का भी जिक्र किया गया था।
फिलहाल मुंबई पुलिस हाई अलर्ट पर है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर टीम जांच में जुटी हुई है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


