
लुधियाना, 12 मार्च 2026, (वीकैंड रिपोर्ट)- ACP Gurdev Singh Fake Account : महानगर लुधियाना में साइबर ठगों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब ठगों ने पुलिस अधिकारियों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामले में लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट में तैनात ट्रैफिक विंग के असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) गुरदेव सिंह के नाम से एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है।
शातिर ठगों ने एसीपी के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर नकली फेसबुक अकाउंट बनाया और कुछ ही समय में 49 लोगों को फ्रेंड लिस्ट में भी जोड़ लिया।
ACP Gurdev Singh Fake Account : दोस्त को हुआ शक, तब हुआ खुलासा
इस फर्जी अकाउंट का खुलासा तब हुआ जब एसीपी गुरदेव सिंह के एक करीबी दोस्त को उस आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली। प्रोफाइल और उसकी गतिविधियों को देखकर दोस्त को शक हुआ, जिसके बाद उसने तुरंत एसीपी को फोन कर इसकी जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी गुरदेव सिंह ने देर रात अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से पोस्ट साझा कर लोगों को सतर्क किया।

लोगों से की अपील
एसीपी गुरदेव सिंह ने अपने पोस्ट में स्पष्ट किया कि किसी शरारती तत्व ने उनके नाम का दुरुपयोग करते हुए फर्जी आईडी बनाई है और लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर जाल में फंसाने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने जनता और अपने शुभचिंतकों से अपील की है कि इस फर्जी आईडी से आने वाली किसी भी फ्रेंड रिक्वेस्ट को स्वीकार न करें और न ही उसे फॉलो करें।
ACP Gurdev Singh Fake Account : साइबर फ्रॉड की आशंका
एसीपी ने आशंका जताई है कि यह किसी बड़े साइबर फ्रॉड की साजिश हो सकती है। अक्सर ठग पहले लोगों को फ्रेंड बनाते हैं और फिर पैसों की मांग या अन्य तरीकों से ठगी करने की कोशिश करते हैं।
फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और फर्जी आईडी बनाने वाले आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


