
देवरिया (वीकैंड रिपोर्ट)- Momos lure jewellery theft : उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मोमोज खिलाने के बहाने कक्षा 7 के एक नाबालिग छात्र को फुसलाकर तीन युवकों ने उसके घर से लाखों रुपये के गहने हड़प लिए। यह घटना रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के भगवानपुर तिवारी गांव की है।
मोमोज की दुकान से शुरू हुई ठगी की साजिश
पीड़ित बच्चे के पिता विमलेश मिश्र, जो वाराणसी में एक मंदिर में पुजारी हैं, ने बताया कि उनका बेटा मोमोज खाने का शौकीन है। इसी आदत को हथियार बनाकर देवरिया–कसया मार्ग स्थित डुमरी चौराहे पर मोमोज की दुकान चलाने वाले तीन युवक उसे लगातार मुफ्त में मोमोज खिलाते रहे और धीरे-धीरे उसका भरोसा जीत लिया।
कई दिनों तक चलता रहा फुसलाने का खेल
परिजनों के अनुसार, आरोपी कई दिनों तक बच्चे को बहलाते-फुसलाते रहे। बाद में उन्होंने उससे घर से गहने लाने को कहा। नाबालिग को इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा बनता जा रहा है और वह मोमोज के बदले गहने दुकानदारों को देता रहा।
अलमारी खुलते ही उड़े होश
मामले का खुलासा तब हुआ जब बच्चे की बुआ अपने गहने लेने घर पहुंचीं। अलमारी खोलते ही पता चला कि उसमें रखे करीब 85 लाख रुपये मूल्य के जेवरात गायब हैं। परिजनों ने जब बच्चे से सख्ती से पूछताछ की तो पूरी सच्चाई सामने आई।
तीन युवकों के खिलाफ नामजद शिकायत
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने रामपुर कारखाना थाने में तीनों युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की भूमिका, जेवरात की वास्तविक कीमत और बच्चे को बहकाने की पूरी प्रक्रिया की गहन जांच की जा रही है।
इलाके में दहशत, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोग हैरान हैं कि किस तरह एक नाबालिग को लंबे समय तक बहलाकर इतनी बड़ी ठगी को अंजाम दिया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





