
फरीदाबाद (वीकैंड रिपोर्ट)- Sexual harassment of female shooter : खेल जगत से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। नेशनल पिस्टल कोच अंकुश भारद्वाज पर 17 वर्षीय राष्ट्रीय स्तर की महिला निशानेबाज के यौन शोषण का आरोप लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी कोच के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है, वहीं नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार 6 जनवरी 2025 को पीड़िता के परिजनों ने आरोपी कोच के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। FIR के मुताबिक, यह घटना नई दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित एक राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता के दौरान हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कोच ने खेल से जुड़ी बातचीत के बहाने नाबालिग महिला शूटर को फरीदाबाद के एक होटल में बुलाया।

Sexual harassment of female shooter : पहले होटल की लॉबी में मिलने की बात कही गई, लेकिन बाद में दबाव बनाकर उसे अपने कमरे में बुलाया गया, जहां उसके साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक हरकत की गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद कोच ने उसे धमकी दी कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो उसका खेल करियर खत्म कर दिया जाएगा और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाया जाएगा।
घटना के बाद सदमे में आई एथलीट होटल से निकल गई और बाद में अपने परिजनों को पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए NRAI के सचिव पवन कुमार सिंह ने कहा कि जांच पूरी होने तक अंकुश भारद्वाज निलंबित रहेंगे और उन्हें किसी भी तरह की जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।

फरीदाबाद के NIT महिला पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट की धारा 6 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने होटल प्रशासन से घटना वाले दिन के सभी CCTV फुटेज मांगे हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





