
लुधियाना (वीकैंड रिपोर्ट)- Ludhiana Medical Student Death : पंजाब के लुधियाना स्थित साउथ सिटी इलाके की नहर से चार दिनों से लापता एक मेडिकल छात्र का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राजस्थान के बीकानेर निवासी 21 वर्षीय अनुग्रह मार्कर के रूप में हुई है, जो लुधियाना के सीएमसी कॉलेज में बीडीएस द्वितीय वर्ष का छात्र था।
परिवार के अनुसार, 13 दिसंबर को सीएमसी अस्पताल के हॉस्टल से मृतक के पिता शैलेश मार्कर को फोन कर बताया गया कि उनका बेटा पिछले तीन घंटों से लापता है और हॉस्टल वापस नहीं लौटा है। सूचना मिलते ही परिवार अगले दिन राजस्थान से लुधियाना के लिए रवाना हो गया। पिता ने बताया कि घटना से एक रात पहले उनकी बेटे से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें उसने किसी भी तरह की परेशानी या तनाव का जिक्र नहीं किया था। परिवार ने अपने स्तर पर अनुग्रह की तलाश की, लेकिन आरोप है कि इस दौरान पुलिस और कॉलेज प्रशासन की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।

Ludhiana Medical Student Death : मंगलवार को परिवार को सूचना मिली कि साउथ सिटी नहर में शिवालिक पेट्रोल पंप के सामने एक युवक का शव मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया। मृतक के पिता ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि जब उन्होंने अपने बेटे का शव देखा तो उसकी गर्दन पर निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिवार का दावा है कि अनुग्रह की हत्या कर शव को नहर में फेंका गया। दोस्तों से पूछताछ में सामने आया है कि 13 दिसंबर की रात करीब 8 बजे अनुग्रह को एक चर्च के पास देखा गया था।
परिवार ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है और इसे हादसा मानने से इनकार किया है। वहीं पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


