
मुंबई, 8 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- BCCI IPL Rules : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के दौरान अनुशासन और सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। बोर्ड ने सभी 10 फ्रेंचाइजियों को आठ पन्नों की विस्तृत एडवाइजरी जारी कर खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ, टीम अधिकारियों और फ्रेंचाइजी मालिकों के लिए सख्त नियम लागू किए हैं। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने सभी टीमों को भेजे पत्र में कहा कि मौजूदा सीजन में कई बार प्रोटोकॉल का उल्लंघन देखने को मिला है, जो टूर्नामेंट की साख और सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
होटल रूम में बाहरी लोगों की एंट्री बैन
नई गाइडलाइन के अनुसार अब खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के होटल कमरों में बिना अनुमति किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसके अलावा खिलाड़ी या स्टाफ होटल से बाहर जाने से पहले सिक्योरिटी लाइजन ऑफिसर (SLO) या टीम इंटीग्रिटी ऑफिसर (TIO) को जानकारी देंगे और मंजूरी लेना अनिवार्य होगा।
खिलाड़ियों की हर मूवमेंट पर रहेगी नजर
बीसीसीआई ने टीमों को निर्देश दिया है कि खिलाड़ियों की हर गतिविधि का रिकॉर्ड रखा जाए। होटल के बाहर निजी या मनोरंजन से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी पहले से टीम मैनेजर को देनी होगी। जरूरत पड़ने पर यह रिकॉर्ड बीसीसीआई ऑपरेशंस टीम को सौंपा जाएगा।
BCCI IPL Rules : टीम मालिकों पर भी सख्ती
बोर्ड ने कुछ फ्रेंचाइजी मालिकों के व्यवहार पर भी नाराजगी जताई है। एडवाइजरी में कहा गया है कि कुछ मालिक मैच के दौरान खिलाड़ियों से बातचीत करने, उन्हें गले लगाने या ड्रेसिंग रूम और डगआउट तक पहुंचने की कोशिश करते पाए गए। अब मैच के दौरान किसी भी फ्रेंचाइजी मालिक या प्रतिनिधि को खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों से सीधे संपर्क की अनुमति नहीं होगी। उन्हें PMOA प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करना होगा।
‘हनी ट्रैप’ और सुरक्षा खतरों को लेकर अलर्ट
बीसीसीआई की भ्रष्टाचार-रोधी और सुरक्षा इकाई ने कुछ घटनाओं की रिपोर्ट बोर्ड को सौंपी थी, जिसके बाद यह एडवाइजरी जारी की गई। बोर्ड ने हाई-प्रोफाइल टूर्नामेंट्स में ‘हनी ट्रैप’ और खिलाड़ियों को निशाना बनाए जाने जैसे खतरों का भी जिक्र किया है। साथ ही आईपीएल वेन्यू, ड्रेसिंग रूम, डगआउट और टीम होटलों में ई-सिगरेट और वेपिंग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।
नियम तोड़ने पर होगी कड़ी कार्रवाई
बीसीसीआई ने सभी टीम मैनेजरों और अधिकारियों को 48 घंटे के भीतर खिलाड़ियों और स्टाफ की बैठक बुलाकर नए नियमों की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। बोर्ड ने साफ कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को कारण बताओ नोटिस भेजा जा सकता है। इसके अलावा भारी जुर्माना, मौजूदा या अगले आईपीएल सीजन से निलंबन और गंभीर मामलों में कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


