
रोहतास (बिहार), 13 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Akash Deep Wedding : भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते तेज गेंदबाज आकाश दीप जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। उनकी शादी तय होने की खबर से बिहार के रोहतास जिले स्थित उनके पैतृक गांव बड्डी में खुशी का माहौल है। परिवार के साथ-साथ गांव के लोग भी शादी की तैयारियों में जुट गए हैं और पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है। जानकारी के अनुसार, शादी से जुड़ी पारंपरिक रस्में 21 जून से शुरू होंगी। 21 जून को तिलक समारोह आयोजित किया जाएगा, जबकि 22 जून को मेहंदी और 23 जून को हल्दी की रस्म निभाई जाएगी। इन कार्यक्रमों में परिवार, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की बड़ी संख्या में मौजूद रहने की संभावना है।
वाराणसी के फाइव स्टार होटल में होगा भव्य विवाह समारोह
आकाश दीप और अक्षिता राज का विवाह 24 जून को उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित एक फाइव स्टार होटल में संपन्न होगा। शादी समारोह को भव्य बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार इस खास मौके पर खेल, राजनीति और प्रशासनिक क्षेत्र की कई नामचीन हस्तियां शामिल हो सकती हैं। हाल ही में आकाश दीप ने बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से मुलाकात कर उन्हें भी विवाह का निमंत्रण दिया था।
Akash Deep Wedding : कौन हैं होने वाली दुल्हन अक्षिता राज?
आकाश दीप की होने वाली पत्नी अक्षिता राज बिहार के डेहरी स्थित मानिकपुर गांव की रहने वाली हैं। वह अमित कुमार सिंह और रेणु सिंह की पुत्री हैं। यह विवाह दोनों परिवारों की सहमति से तय हुआ एक पारंपरिक अरेंज मैरिज है। अक्षिता ने प्रतिष्ठित बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT), मेसरा से बीसीए और एमसीए की पढ़ाई पूरी की है। पढ़ाई के बाद उन्हें नौकरी का ऑफर भी मिला था, लेकिन फिलहाल उन्होंने शादी की तैयारियों पर ध्यान देने का फैसला किया है।
क्रिकेट में तेजी से चमके हैं आकाश दीप
आकाश दीप भारतीय टेस्ट टीम में अपनी जगह बना चुके हैं और अपनी तेज गेंदबाजी से प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने अब तक 10 टेस्ट मैचों में 28 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान वह एक बार पांच विकेट और एक बार दस विकेट लेने का कारनामा भी कर चुके हैं। आईपीएल में भी आकाश दीप कई बड़ी फ्रेंचाइजियों का हिस्सा रह चुके हैं। वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए खेल चुके हैं। हालांकि अभी तक उन्हें वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू का मौका नहीं मिला है।
गांव में जश्न का माहौल
आकाश दीप की शादी की खबर से उनके गांव में उत्साह का माहौल है। घरों की सजावट शुरू हो चुकी है और रिश्तेदारों के आने का सिलसिला भी जल्द शुरू होने वाला है। स्थानीय लोग अपने स्टार क्रिकेटर की शादी को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


