

लुधियाना, 25 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Diljit Dosanjh Bomb Threat : लुधियाना में उस समय हड़कंप मच गया जब मेयर इंदरजीत कौर और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जानकारी के मुताबिक नगर निगम कमिश्नर की सरकारी ईमेल आईडी पर सुबह करीब 7:28 बजे एक धमकी भरा मेल भेजा गया, जिसमें दोनों को निशाना बनाने की बात कही गई है।
ईमेल में धमाके की दी गई चेतावनी
धमकी भरे ईमेल में लिखा गया कि मेयर इंदरजीत कौर के घर पर 1:11 मिनट पर धमाका किया जाएगा। इसके अलावा पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के गांव स्थित घर को 6 जून तक रात 9:11 बजे बम धमाके से उड़ाने की धमकी दी गई है।
1984 दंगों का भी किया जिक्र
ईमेल में 1984 के सिख दंगों का हवाला देते हुए “खून का बदला खून” जैसी बातें लिखी गई हैं। मेल भेजने वालों ने दावा किया कि 6 जून तक कई धमाके किए जाएंगे। ईमेल के अंत में इसे कथित तौर पर “खालिस्तान नेशनल आर्मी” की तरफ से भेजा गया बताया गया है।
Diljit Dosanjh Bomb Threat : दो नामों का भी जिक्र
धमकी भरे मेल में भेजने वालों के रूप में इंजीनियर गुरनख सिंह (रुकन शाहवाला) और डॉ. गुरनिरवैर सिंह (खान राजादा) नाम लिखे गए हैं। हालांकि पुलिस फिलहाल इन दावों की सत्यता की जांच कर रही है।

पुलिस और साइबर सेल अलर्ट पर
धमकी मिलने के बाद पंजाब पुलिस और साइबर सेल पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। पुलिस ने ईमेल के आईपी एड्रेस और सेंडर की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। साथ ही मेयर कार्यालय और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा भी बढ़ाई जा सकती है।
सुरक्षा एजेंसियां कर रहीं जांच
सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि धमकी सिर्फ डर फैलाने के लिए दी गई है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी हुई है। फिलहाल किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के लिए संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
Diljit Dosanjh Bomb Threat : पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
हाल के वर्षों में पंजाब और दूसरे राज्यों में कई कलाकारों और नेताओं को सोशल मीडिया और ईमेल के जरिए धमकियां मिलने के मामले सामने आ चुके हैं। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि ऐसे मामलों को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


