
कोलकाता, 11 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Bengal politics After Election : ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (TMC) को सत्ता से बाहर होने के बाद बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मजबूत विपक्षी मोर्चा बनाने के लिए ममता बनर्जी ने कांग्रेस और वामदलों को साथ आने का खुला न्योता दिया था, लेकिन दोनों दलों ने उनके प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया।
कांग्रेस ने ममता पर साधा निशाना
पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रवक्ता सौम्य आइच राय ने ममता बनर्जी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि ममता अब उन ताकतों को साथ लाने की बात कर रही हैं, जिनके खिलाफ वह पहले लगातार राजनीति करती रही हैं। कांग्रेस ने ममता के ‘अति-वामपंथियों’ वाले बयान पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या वह माओवादियों को भी साथ लाना चाहती हैं।
लेफ्ट ने भी ठुकराया प्रस्ताव
कांग्रेस के बाद वामदलों ने भी ममता बनर्जी के प्रस्ताव को पूरी तरह खारिज कर दिया। मोहम्मद सलीम ने साफ कहा कि वामदल किसी भी हालत में टीएमसी के साथ मंच साझा नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी अपराध, भ्रष्टाचार और जबरन वसूली से जुड़े लोगों के साथ नहीं जाएगी।
Bengal politics After Election : सत्ता जाने के बाद मांगी थी विपक्षी एकता
भाजपा सरकार बनने के बाद ममता बनर्जी ने वीडियो संदेश जारी कर विपक्षी दलों, छात्र संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से भाजपा के खिलाफ एकजुट होने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि राष्ट्रीय दलों के साथ-साथ वामपंथी और अति-वामपंथी ताकतों को भी एक मंच पर आना चाहिए। ममता ने यह भी कहा था कि भाजपा को रोकना अब उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
बदली राजनीति पर उठे सवाल
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ममता बनर्जी का यह रुख पश्चिम बंगाल की बदलती राजनीतिक तस्वीर को दिखाता है। ममता ने अपने राजनीतिक करियर में कांग्रेस और वामदलों के विरोध के दम पर ही खुद को मजबूत किया था और लंबे समय तक बंगाल में वामपंथी सत्ता को खत्म कर टीएमसी को स्थापित किया था। लेकिन अब भाजपा के मजबूत उभार और सत्ता गंवाने के बाद उन्हें उन्हीं दलों से समर्थन मांगना पड़ रहा है, जिनके खिलाफ उन्होंने वर्षों तक राजनीतिक लड़ाई लड़ी।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


