कानपुर, 12 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Snapchat Reveal Marriage : कानपुर से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक गर्भवती महिला ने अपने पति पर दूसरी शादी करने और घरेलू हिंसा के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि जब वह गर्भावस्था के दौरान मायके गई हुई थी, उसी दौरान उसके पति ने चुपचाप दूसरी शादी कर ली। पीड़िता को इस बात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के जरिए मिली, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया।
महिला ने लगाए कई गंभीर आरोप
पीड़िता के अनुसार शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उस पर दबाव बना रहा था। महिला ने आरोप लगाया कि उसका दो बार जबरन गर्भपात कराया गया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। उसका कहना है कि तीसरी बार गर्भवती होने पर वह मायके में रह रही थी, तभी पति ने दूसरी शादी कर ली।
Snapchat Reveal Marriage : ननदोई पर भी लगाया आरोप
महिला ने अपने ननदोई पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका दावा है कि ननदोई ने जबरन उसके कमरे में घुसकर गलत हरकत करने की कोशिश की थी। जब उसने यह बात अपने पति को बताई, तो उल्टा उसके साथ मारपीट की गई।
दहेज मांगने का भी आरोप
पीड़िता ने बताया कि निकाह के समय ससुराल पक्ष की ओर से भारी दहेज की मांग की गई थी। उसके मुताबिक शादी से पहले उसके परिवार से नकदी, सोने की अंगूठियां और अन्य सामान मांगा गया था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
महिला की शिकायत पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले भी समझौते की कोशिश की गई थी, लेकिन विवाद सुलझ नहीं सका। फिलहाल मामले की जांच जारी है।