
देवरिया (वीकैंड रिपोर्ट)- 19 जून 2026 Deoria Medical College Negligence : उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से सरकारी अस्पताल की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां एक छह वर्षीय बच्ची के दाहिने हाथ में चोट लगी थी, लेकिन मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों ने गलती से उसके बाएं हाथ पर प्लास्टर चढ़ा दिया। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और बच्ची की मां ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, देवरिया की भुजौली कॉलोनी निवासी अल्पना उपाध्याय की छह वर्षीय बेटी खेलते समय गिर गई थी, जिससे उसके दाहिने हाथ में चोट आ गई। निजी डॉक्टर की सलाह पर बच्ची का एक्स-रे कराया गया और रिपोर्ट लेकर परिजन सीधे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचे। हड्डी रोग विशेषज्ञ ने जांच के बाद बच्ची को प्लास्टर कराने के लिए संबंधित कक्ष में भेज दिया। आरोप है कि प्लास्टर कक्ष में मौजूद कर्मचारी ने डॉक्टर की पर्ची और एक्स-रे रिपोर्ट देखने के बावजूद घायल दाहिने हाथ की बजाय बाएं हाथ पर प्लास्टर चढ़ा दिया।
Deoria Medical College Negligence : सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना के बाद बच्ची की मां ने अस्पताल प्रशासन की लापरवाही को उजागर करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला अपनी बेटी के साथ हुई गलती का जिक्र करते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रही है।
जांच के आदेश, दोषियों पर होगी कार्रवाई
मामले के तूल पकड़ने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन हरकत में आया है। मेडिकल कॉलेज के प्रवक्ता एवं सीएमएस डॉ. एच. के. मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जांच के लिए एक टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी कर्मचारी या डॉक्टर की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा और इलाज की गुणवत्ता को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


