





बेंगलुरु (वीकैंड रिपोर्ट)- MM Somaya House Theft Bengaluru : भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज ओलंपियन एमएम सोमाया के बेंगलुरु स्थित घर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर उनके घर से 1980 मॉस्को ओलंपिक में जीता गया ऐतिहासिक गोल्ड मेडल, एशियाई खेलों और चैंपियंस ट्रॉफी के पदक समेत कीमती गहने और नकदी चोरी कर ले गए। चोरी हुए जेवरात और अन्य सामान की अनुमानित कीमत करीब 3.53 लाख रुपये बताई गई है। घटना के समय 67 वर्षीय सोमाया अपने परिवार के साथ कर्नाटक के कोडागु (कूर्ग) गए हुए थे।
पड़ोसी ने देखा टूटा दरवाजा, CCTV में दिखे दो चोर
जानकारी के मुताबिक, एमएम सोमाया 26 अक्टूबर को परिवार के साथ कोडागु गए थे। इसके दो दिन बाद 28 अक्टूबर की रात चोरों ने उनके सूने घर को निशाना बनाया। अगली सुबह करीब 7:15 बजे पड़ोसी नारायण ने घर का मुख्य दरवाजा टूटा और खुला देखा। उन्होंने तुरंत सोमाया को फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद CCTV फुटेज की जांच की गई, जिसमें रात करीब 2:34 बजे दो संदिग्ध घर में घुसते दिखाई दिए। फुटेज के अनुसार, एक संदिग्ध ने नीली और दूसरे ने लाल रंग की शर्ट पहन रखी थी। दोनों ने दरवाजे का ताला तोड़कर घर की अलमारियों और लॉकरों को खंगाला।
मॉस्को ओलंपिक का गोल्ड मेडल समेत 4 पदक चोरी
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, चोर खेल जगत से जुड़ी कई ऐतिहासिक उपलब्धियों के प्रतीक पदक भी ले गए। चोरी हुए पदकों में 1980 मॉस्को ओलंपिक का स्वर्ण पदक, 1982 नई दिल्ली एशियाई खेलों का रजत पदक, 1986 सियोल एशियाई खेलों का कांस्य पदक और 1982 एम्सटर्डम चैंपियंस ट्रॉफी का कांस्य पदक शामिल है। इन पदकों का ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्व है, क्योंकि ये भारतीय हॉकी की बड़ी उपलब्धियों से जुड़े हैं।
MM Somaya House Theft Bengaluru : सोने-चांदी के जेवर और 30 हजार रुपये भी चोरी
चोरों ने पदकों के अलावा घर में रखे सोने-चांदी के सामान और नकदी पर भी हाथ साफ किया। शिकायत के मुताबिक, घर से 144 ग्राम के दो चांदी के कप, 10 ग्राम की सोने की चूड़ी, 200 ग्राम के छह चांदी के चम्मच, 80 ग्राम का चांदी का बर्तन और 8 ग्राम का सोने का सिक्का चोरी हुआ है। इसके अलावा 30 हजार रुपये नकद भी गायब हैं। खेल पदकों को छोड़कर अन्य चोरी हुए सामान की अनुमानित बाजार कीमत करीब 3.53 लाख रुपये बताई गई है।
BNS के तहत केस दर्ज, दो पुलिस टीमें गठित
एमएम सोमाया ने पुलिस से चोरी हुए पदकों और अन्य सामान की जल्द बरामदगी की मांग की है। बेंगलुरु के इंदिरानगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने CCTV फुटेज और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


