
लुधियाना, 15 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Murder in Ludhiana : महानगर में देर रात एक पीजी (पेइंग गेस्ट) में प्रेम संबंधों को लेकर हुई सनसनीखेज वारदात ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक पर कथित तौर पर युवती ने ही तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को उपचार के लिए सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रेमिका से मिलने गया था युवक
पुलिस को दिए बयान में शिकायतकर्ता लवप्रीत सिंह ने बताया कि 12 जून की रात करीब 11:30 बजे उसका दोस्त मनप्रीत सिंह अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए एक पीजी में गया था। उस समय वह और उसका एक अन्य दोस्त सुखवीर सिंह बाहर खड़े होकर उसका इंतजार कर रहे थे। कुछ देर बाद अचानक पीजी के अंदर से चीखने-चिल्लाने और मदद की आवाजें सुनाई देने लगीं। आवाजें सुनकर दोनों युवक तुरंत अंदर पहुंचे तो उन्होंने मनप्रीत सिंह को सीढ़ियों के पास खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा देखा।
घायल युवक ने लगाया हमला करने का आरोप
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल मनप्रीत सिंह ने अपने दोस्तों को बताया कि उस पर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया है। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
Murder in Ludhiana : पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही थाना साहनेवाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शिकायत के आधार पर आरोपी युवती खुशी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
प्रेम संबंधों से जुड़े इस कथित हमले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोग भी इस घटना को लेकर हैरानी जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस पीजी में मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


