
रोहतांग (वीकैंड रिपोर्ट)- Himachal Weather Alert : हिमाचल प्रदेश में देर रात से लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात दर्ज किया गया है। रोहतांग, बारालाचा और कुंजुम दर्रा क्षेत्रों में डेढ़ फीट तक ताजा बर्फ जमी है, जबकि लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में 6 इंच से एक फीट तक बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। राजधानी शिमला में तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में तेज गिरावट आई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। मनाली में मूसलाधार बारिश, जबकि नारकंडा में ताजा हिमपात जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने चेतावनी दी है कि 28 जनवरी तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ व्यापक बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने 27 जनवरी के लिए चंबा, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू जिलों में भारी हिमपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार खराब मौसम के कारण प्रदेश में 525 सड़कें बंद हैं, जिन्हें खोलने के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है। इसके अलावा 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन का खतरा जताया गया है।
Himachal Weather Alert : मौसम विभाग ने यह भी बताया कि 1 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे फरवरी की शुरुआत में भी भारी बारिश और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। तापमान में 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने से ठंड और बढ़ेगी। ऊना, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में ओलावृष्टि की भी संभावना है।
भारी हिमपात और तेज हवाओं के कारण बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। प्रदेश में 915 ट्रांसफार्मर खराब पड़े हैं, जिससे कई ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें और जारी एडवाइजरी का पालन करें।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





