
नई दिल्ली, 2 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Oscar Rule Changes : फिल्म जगत के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज़ की अकादमी ने 2027 में होने वाले 99वें ऑस्कर अवॉर्ड्स के लिए बड़े बदलावों की घोषणा की है। इन नए नियमों ने वैश्विक फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है और खासतौर पर भारतीय फिल्म निर्माताओं के लिए यह खबर बेहद उत्साहजनक मानी जा रही है।
एक ही देश से अब दो फिल्में दौड़ में
सबसे बड़ा बदलाव बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में किया गया है। अब तक हर देश से केवल एक फिल्म ही ऑस्कर के लिए भेजी जा सकती थी, लेकिन नए नियमों के तहत अब एक देश से दो फिल्में इस रेस में शामिल हो सकेंगी। हालांकि, दूसरी फिल्म के लिए यह जरूरी होगा कि उसने किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में शीर्ष पुरस्कार जीता हो। इस फैसले से भारत जैसे देशों के लिए ऑस्कर में मजबूत दावेदारी के मौके बढ़ गए हैं।
एक ही कैटेगरी में कई नॉमिनेशन संभव
एकेडमी ने एक्टिंग कैटेगरी में भी बड़ा बदलाव किया है। अब कोई अभिनेता या अभिनेत्री एक ही कैटेगरी में एक से ज्यादा फिल्मों के लिए नॉमिनेशन हासिल कर सकता है, बशर्ते उस परफॉर्मेंस को कम से कम पांच वोट मिले हों। पहले के नियमों में एक ही एक्टर की अलग-अलग फिल्मों में से केवल एक प्रदर्शन को ही नॉमिनेशन मिलता था।
Oscar Rule Changes : अब डायरेक्टर के नाम होगी ट्रॉफी
इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में एक और अहम बदलाव किया गया है। अब ऑस्कर ट्रॉफी देश के बजाय सीधे फिल्म के डायरेक्टर के नाम पर दर्ज होगी। इससे फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों को सीधा सम्मान मिलेगा।
पारदर्शिता बढ़ाने के लिए बदलाव
एकेडमी के अनुसार, इन नियमों में बदलाव का मकसद चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना है। पुराने नियमों के कारण कई बार बेहतरीन परफॉर्मेंस नॉमिनेशन से बाहर हो जाती थी, लेकिन अब इस समस्या को दूर करने की कोशिश की गई है। इन बदलावों के साथ ऑस्कर 2027 और भी प्रतिस्पर्धी और रोमांचक होने की उम्मीद है, जहां दुनिया भर की बेहतरीन फिल्मों और कलाकारों को अधिक अवसर मिलेंगे।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


