





धर्म डेस्क (वीकैंड रिपोर्ट)- Chhath Puja 2026 : छठ पूजा बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाने वाला प्रमुख लोकपर्व है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि छठी मैया की कृपा से संतान सुख, परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि प्राप्त होती है। इस पर्व में व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए उपवास रखते हैं और डूबते व उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है और समापन उषा अर्घ्य व पारण के साथ होता है। आइए जानते हैं साल 2026 में छठ पूजा की तारीख और चारों दिनों का पूरा कार्यक्रम।
छठ पूजा 2026 कब है?
दृक पंचांग के अनुसार, कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि 14 नवंबर 2026 को रात 11 बजकर 23 मिनट पर शुरू होगी और 16 नवंबर को देर रात 2 बजे समाप्त होगी। उदयातिथि और पर्व की परंपरा के अनुसार, छठ पूजा का मुख्य दिन 15 नवंबर 2026, रविवार को मनाया जाएगा। इस दिन व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की कामना करेंगे।
छठ पूजा पर बनेंगे शुभ योग
इस साल छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार का संयोग बन रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, रविवार भगवान सूर्य की उपासना के लिए विशेष महत्व रखता है। पंचांग के अनुसार, 15 नवंबर को सर्वार्थ सिद्धि योग और रवि योग बनने की जानकारी दी गई है। ये दोनों शुभ योग सुबह 6 बजकर 44 मिनट से रात 11 बजकर 28 मिनट तक रहेंगे। धार्मिक मान्यता है कि शुभ योग में पूजा-पाठ और धार्मिक कार्य करना मंगलकारी होता है।
Chhath Puja 2026 : छठ पूजा 2026 का चार दिवसीय कैलेंडर
पहला दिन: नहाय-खाय (13 नवंबर 2026, शुक्रवार)
छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इस दिन व्रती सुबह स्नान करके घर और रसोई की साफ-सफाई करते हैं। इसके बाद सात्विक भोजन ग्रहण कर व्रत की शुरुआत करते हैं। इस दिन भोजन की शुद्धता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है।
दूसरा दिन: लोहंडा और खरना (14 नवंबर 2026, शनिवार)
छठ पूजा के दूसरे दिन लोहंडा और खरना मनाया जाता है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं। खरना के प्रसाद में गुड़ की खीर, रोटी और अन्य पारंपरिक सात्विक पकवान बनाए जाते हैं। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद लगभग 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होती है।
तीसरा दिन: संध्या अर्घ्य (15 नवंबर 2026, रविवार)
छठ महापर्व का तीसरा दिन बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दिन व्रती नदी, तालाब या अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। पूजा में फल, ठेकुआ और अन्य पारंपरिक प्रसाद चढ़ाए जाते हैं। इस साल संध्या अर्घ्य का समय शाम 5 बजकर 28 मिनट बताया गया है। इस दौरान व्रती परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना करते हैं।
चौथा दिन: उषा अर्घ्य और पारण (16 नवंबर 2026, सोमवार)
छठ पूजा के अंतिम दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसे उषा अर्घ्य कहा जाता है। व्रती सूर्योदय से पहले घाट पर पहुंचकर सूर्यदेव की पूजा करते हैं और परिवार के कल्याण की प्रार्थना करते हैं। इस साल उषा अर्घ्य का समय सुबह 6 बजकर 44 मिनट बताया गया है। अर्घ्य देने और पूजा संपन्न करने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करके पारण करते हैं। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाता है।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


