





लुधियाना (वीकैंड रिपोर्ट)- Canada Marriage Fraud : विदेश में बेहतर भविष्य और साथ रहने के सपने के साथ एक परिवार ने अपनी जमीन तक बेच दी, लेकिन पति को कनाडा बुलाने का वादा कथित तौर पर पूरा नहीं हुआ। पंजाब के रायकोट क्षेत्र से जुड़े इस मामले में करीब ₹50.61 लाख की कथित धोखाधड़ी के आरोपों का सामना कर रही महिला को सात साल बाद भारत लौटने पर दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उसे रायकोट ले आई है। अदालत ने पूछताछ के लिए दो दिन का पुलिस रिमांड दिया है।
शादी के बाद पति को कनाडा बुलाने का हुआ था समझौता
मामले के अनुसार, रायकोट के गांव बोपाराए खुर्द निवासी हरप्रीत सिंह रोजगार के सिलसिले में दुबई में रह रहे थे। वर्ष 2019 में संगरूर जिले के गांव दुग्गा निवासी परमजीत सिंह ने अपनी बेटी जसप्रीत कौर का रिश्ता हरप्रीत सिंह से तय करवाया। बताया गया है कि जसप्रीत ने IELTS में 6 बैंड हासिल किए थे। शिकायत के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच सहमति बनी थी कि हरप्रीत का परिवार जसप्रीत को अपने खर्च पर स्टडी वीजा के जरिए कनाडा भेजेगा। वहां पहुंचने के बाद वह पति को स्पाउसल वीजा पर कनाडा बुलाने की प्रक्रिया पूरी करेगी। इस संबंध में रायकोट की अदालत में ₹500 के स्टांप पेपर पर लिखित इकरारनामा भी किया गया था।
Canada Marriage Fraud : जमीन बेचकर शादी, फीस और वीजा पर खर्च किए ₹50.61 लाख
हरप्रीत सिंह के परिवार का आरोप है कि उन्होंने जमीन बेचकर कॉलेज की फीस, वीजा, शादी, गहनों और विदेशी मुद्रा सहित विभिन्न खर्चों पर करीब ₹50,61,000 खर्च किए। दोनों की शादी 1 सितंबर 2019 को हुई, जबकि 30 नवंबर 2019 को जसप्रीत कौर कनाडा रवाना हो गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कनाडा पहुंचने के बाद जसप्रीत ने कॉलेज बदलने का हवाला देकर परिवार से अतिरिक्त पैसे मंगवाए। जब पति ने तय समझौते के अनुसार मैरिज रजिस्ट्रेशन के लिए उसकी भारत आने की टिकट बुक करवाई, तो उसने आने से इनकार कर दिया। इसके बाद कथित तौर पर उसने पति का फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिया। परिवार के अनुसार, इस घटनाक्रम से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ी।
2020 में दर्ज हुआ था मामला, LOC के आधार पर हुई गिरफ्तारी
हरप्रीत सिंह की शिकायत के आधार पर थाना सदर रायकोट पुलिस ने वर्ष 2020 में जसप्रीत कौर, उसके माता-पिता और बिचौलियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने महिला के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी करवाया था। पुलिस के मुताबिक, करीब सात साल बाद पासपोर्ट रिन्यू करवाने के सिलसिले में भारत लौटी जसप्रीत कौर को दिल्ली एयरपोर्ट पर LOC के आधार पर हिरासत में लिया गया। इसकी सूचना मिलने के बाद थाना सदर रायकोट की पुलिस दिल्ली पहुंची और उसे पंजाब ले आई।
इसके बाद आरोपी महिला को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को दो दिन का रिमांड मिला। अब पुलिस मामले में कथित धोखाधड़ी, पैसों के लेन-देन और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


