





नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- Gold Jewellery Adulteration : शादियों के सीजन में अगर आप भी सोने के आभूषण खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो सिर्फ गहनों की चमक, डिजाइन और वजन देखकर भुगतान न करें। सर्राफा बाजार में सोने में मिलावट का एक ऐसा तरीका सामने आया है, जिसने ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। मुनाफा कमाने के लिए कुछ मिलावटखोर गहनों में भारी धातुओं का पाउडर मिला रहे हैं। इससे आभूषण का वजन बढ़ जाता है, लेकिन उसमें असली सोने की मात्रा कम रह जाती है। बाजार में इस मिलावटी पदार्थ को गोल्ड पाउडर या शुगर पाउडर कहा जा रहा है।
रूथेनियम और इरिडियम पाउडर से बढ़ाया जा रहा गहनों का वजन
इंडिया बुलियन एंड जूलर्स एसोसिएशन (IBJA) के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष नवीन सोनी के अनुसार, कुछ मिलावटखोर सोने में रूथेनियम, इरिडियम और ऑस्मियम जैसी भारी धातुओं का पाउडर मिला रहे हैं। इन धातुओं का घनत्व और वजन अधिक होने के कारण गहनों का कुल वजन बढ़ जाता है।
उदाहरण के तौर पर, यदि किसी आभूषण में 9.5 ग्राम असली सोना है और उसमें 500 मिलीग्राम भारी धातु का पाउडर मिला दिया जाए, तो उसका कुल वजन 10 ग्राम हो जाएगा। ऐसे में ग्राहक 10 ग्राम सोने की कीमत चुकाता है, जबकि उसे वास्तव में 9.5 ग्राम ही असली सोना मिलता है।
नवीन सोनी के मुताबिक, कई बार इस तरह की मिलावट का पता गहने को पिघलाने के बाद ही चल पाता है। हॉलमार्क और HUID नंबर होने के बावजूद ऐसी मिलावट को तुरंत पकड़ना मुश्किल हो सकता है।
Gold Jewellery Adulteration : हॉलमार्क के साथ HUID नंबर की जांच भी जरूरी
सोने की खरीदारी करते समय सबसे पहले गहने पर BIS हॉलमार्क का निशान जरूर देखें। बिना हॉलमार्क वाले आभूषण खरीदने से बचें। इसके साथ ही गहने पर दर्ज छह अंकों वाले HUID नंबर को BIS Care ऐप पर डालकर उसकी प्रामाणिकता जांचें।
खरीदारी के बाद दुकानदार से पक्का बिल लेना न भूलें। बिल में गहने का सही वजन, सोने की शुद्धता और मेकिंग चार्ज का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। इससे भविष्य में किसी तरह की शिकायत या विवाद होने पर आपके पास खरीदारी का प्रमाण रहेगा।
सस्ते सोने के लालच में न आएं, कैरेट की जानकारी जरूर लें
बाजार विशेषज्ञों का सुझाव है कि भारी छूट या कम कीमत के लालच में किसी अनजान दुकान से सोना न खरीदें। हमेशा भरोसेमंद और प्रतिष्ठित ज्वेलर से ही आभूषण खरीदें।
गहना लेते समय यह भी स्पष्ट करें कि वह 18 कैरेट का है या 22 कैरेट का। दोनों में शुद्ध सोने की मात्रा अलग-अलग होती है। दुकानदार से मिली जानकारी का मिलान बिल में दर्ज विवरण से भी जरूर करें।
Gold Jewellery Adulteration : शक होने पर मान्यता प्राप्त केंद्र पर कराएं जांच
यदि गहने की शुद्धता को लेकर किसी भी तरह का संदेह हो, तो उसे नजरअंदाज न करें। किसी मान्यता प्राप्त जांच केंद्र पर आभूषण की परख करवाएं। केवल हॉलमार्क देखकर संतुष्ट होने के बजाय खरीदारी के सभी जरूरी दस्तावेज और जानकारी अपने पास रखें
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


