





दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- No Insurance No Fuel : देश में सड़क सुरक्षा मजबूत करने और सभी वाहनों को वैध बीमा के दायरे में लाने के लिए केंद्र सरकार नए कदम उठाने की तैयारी कर रही है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सड़क परिवहन मंत्रालय वाहन बीमा से जुड़े नियमों में कई बड़े बदलावों पर विचार कर रहा है। यदि इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है, तो वाहन मालिकों की जेब पर असर पड़ सकता है। यहां तक कि बिना वैध इंश्योरेंस वाले वाहनों को पेट्रोल पंप पर ईंधन मिलने पर भी रोक लग सकती है।
ट्रैफिक नियम तोड़ने पर बढ़ सकता है इंश्योरेंस प्रीमियम
प्रस्ताव के मुताबिक, वाहन मालिकों के इंश्योरेंस प्रीमियम को उनके पिछले साल के ट्रैफिक रिकॉर्ड से जोड़ने की तैयारी है। यानी अगर कोई चालक बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसे अगली बार बीमा रिन्यू कराते समय ज्यादा प्रीमियम देना पड़ सकता है।
वहीं, ट्रैफिक नियमों का पालन करने वाले जिम्मेदार वाहन चालकों को इसका फायदा मिल सकता है। हालांकि, किस तरह के उल्लंघन पर कितना अतिरिक्त प्रीमियम लगाया जाएगा, इसकी रूपरेखा अभी तैयार की जा रही है।
No Insurance No Fuel : कार के लिए 4 और बाइक के लिए 6 साल की पॉलिसी का प्रस्ताव
सरकार वाहन मालिकों को हर साल इंश्योरेंस रिन्यू कराने की परेशानी से राहत देने के लिए लंबी अवधि की बीमा पॉलिसी लाने पर भी विचार कर रही है। प्रस्ताव के तहत कार मालिक एकमुश्त भुगतान करके चार साल की पॉलिसी खरीद सकेंगे।
वहीं, दोपहिया वाहनों के लिए छह साल तक की इंश्योरेंस पॉलिसी का विकल्प दिया जा सकता है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक वाहनों समेत कुछ विशेष श्रेणियों के वाहनों के बेस प्रीमियम में भी बदलाव संभव है।
‘नो इंश्योरेंस, नो फ्यूल’ नियम का हो सकता है ट्रायल
प्रस्तावित बदलावों में सबसे अहम ‘नो इंश्योरेंस, नो फ्यूल’ नियम है। सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति ने सड़क परिवहन और पेट्रोलियम मंत्रालयों से इस व्यवस्था को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू करने को कहा है।
इसके तहत हरियाणा और उत्तर प्रदेश में शुरुआती ट्रायल किया जा सकता है। दोनों राज्यों के पांच-पांच चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए जाने का प्रस्ताव है।
ये कैमरे पेट्रोल या डीजल भरवाने आने वाले वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन करेंगे और वाहन की पंजीकरण संख्या के जरिए उसके इंश्योरेंस की वैधता जांचेंगे। हालांकि, अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल यह केवल प्रस्तावित पायलट प्रोजेक्ट है। इसे पूरे देश में लागू करने को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
No Insurance No Fuel : देश में करीब 19 प्रतिशत वाहन बिना बीमा के
रिपोर्ट में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, भारत में करीब 25 करोड़ सक्रिय वाहनों के पास वैध इंश्योरेंस है। यह कुल वाहनों का लगभग 81 प्रतिशत है। यानी करीब 19 प्रतिशत वाहन अब भी बिना वैध बीमा के सड़कों पर चल रहे हैं।
वाहनों की अलग-अलग श्रेणियों में बीमा कवरेज की स्थिति भी अलग है। 90 प्रतिशत से अधिक भारी वाणिज्यिक वाहनों और करीब 88 प्रतिशत कारों के पास वैध बीमा है। वहीं, लगभग 80 प्रतिशत दोपहिया वाहन बीमित हैं।
थ्री-व्हीलर वाहनों की स्थिति सबसे कमजोर बताई गई है। इस श्रेणी में केवल करीब 57 प्रतिशत वाहनों के पास ही वैध इंश्योरेंस है।
सरकार का उद्देश्य सख्त नियमों के जरिए अधिक से अधिक वाहनों को बीमा कवरेज के दायरे में लाना है। हालांकि, इन प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय और इनके लागू होने की तारीख को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


