

नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- IndiGo Website Down : देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) को एक बार फिर तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। शुक्रवार को एयरलाइन की वेबसाइट और कुछ ऑनलाइन सेवाओं में आई खराबी के कारण कई यात्री टिकट बुकिंग, वेब चेक-इन और अन्य डिजिटल सुविधाओं का उपयोग नहीं कर सके। मोबाइल ऐप पर लॉग-इन करने में भी कई यूजर्स को परेशानी हुई।
एयरलाइन ने जारी की सर्विस एडवाइजरी
इंडिगो ने आधिकारिक सर्विस एडवाइजरी जारी कर समस्या की पुष्टि की है। एयरलाइन के अनुसार, उसके मुख्य रिजर्वेशन प्लेटफॉर्म में रुक-रुककर तकनीकी समस्याएं आ रही हैं, जिससे ग्राहकों की ऑनलाइन सेवाओं तक पहुंच प्रभावित हो रही है।
बुकिंग के दौरान दिखा ‘No Data Available’ संदेश
तकनीकी खराबी के दौरान यात्रियों को वेबसाइट पर फ्लाइट बुकिंग करने की कोशिश में “No Data Available” का संदेश दिखाई दिया। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर शिकायत करते हुए बताया कि उनकी बुकिंग फेल हो रही है, वेब चेक-इन नहीं हो पा रहा और भुगतान की पुष्टि भी समय पर नहीं मिल रही।
समस्या दूर करने में जुटी तकनीकी टीम
एयरलाइन ने कहा कि उसकी तकनीकी टीम अपने पार्टनर के साथ मिलकर प्राथमिकता के आधार पर समस्या को जल्द से जल्द ठीक करने का प्रयास कर रही है। हालांकि कंपनी ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि खराबी की असली वजह क्या है और कौन-सा टेक्नोलॉजी पार्टनर इस समस्या को सुलझाने में मदद कर रहा है।
IndiGo Website Down : दो दिन पहले भी आई थी ऐसी ही दिक्कत
गौरतलब है कि इसी सप्ताह बुधवार को भी इंडिगो ने अपने रिजर्वेशन सिस्टम में तकनीकी समस्या की जानकारी दी थी। लगातार दूसरी बार आई इस खराबी ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है, खासकर उन लोगों की जो टिकट बुकिंग और चेक-इन के लिए पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निर्भर हैं।
देशभर के यात्रियों पर पड़ सकता है असर
घरेलू विमानन बाजार में करीब 67 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाली इंडिगो भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन है। ऐसे में उसके डिजिटल सिस्टम में आई किसी भी तकनीकी बाधा का असर देशभर के लाखों यात्रियों पर पड़ सकता है। फिलहाल एयरलाइन ने सेवाएं पूरी तरह सामान्य होने की कोई समयसीमा जारी नहीं की है।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


