
देहरादून, 22 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Hemkund Sahib Nihang Sikh Dispute : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के नागरासू स्थित गुरुद्वारे में चल रहा विवाद अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर स्थित इस गुरुद्वारे में कुछ निहंग सिख तीर्थयात्रियों और गुरुद्वारा प्रबंधन के बीच विवाद के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। आरोप है कि एक श्रद्धालु को बंधक बना लिया गया, जबकि सेवादारों के साथ मारपीट और अभद्रता की घटनाएं भी सामने आई हैं। जानकारी के अनुसार विवाद बढ़ने के बाद कुछ निहंग तीर्थयात्री गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए और परिसर पर नियंत्रण करने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आईटीबीपी की टीमें मौके पर पहुंचीं। हालात को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
प्रशासन लगातार दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है, लेकिन अभी तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने रुद्रप्रयाग और श्रीनगर क्षेत्रों में एहतियातन इंटरनेट सेवाएं भी अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं, ताकि सोशल मीडिया पर अफवाहों को फैलने से रोका जा सके। इस बीच कर्णप्रयाग में एक समुदाय द्वारा प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी है। प्रशासनिक आदेश के अनुसार यह प्रतिबंध 27 जून तक प्रभावी रहेगा।
सरकार ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश
उत्तराखंड सरकार ने हेमकुंड साहिब से लौट रहे निहंग सिख तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। राज्य के गृह सचिव शैलेश बगौली ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक (गढ़वाल) को पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों की बात सुनी जाएगी और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) से भी विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। गृह सचिव ने स्पष्ट किया कि इस घटना को धार्मिक या सांप्रदायिक विवाद का रूप देना उचित नहीं है। यदि कोई व्यक्ति या संगठन मामले को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Hemkund Sahib Nihang Sikh Dispute : क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 16 जून को श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेककर लौट रहे कुछ निहंग सिख तीर्थयात्रियों और कर्णप्रयाग बाजार में स्थानीय लोगों के बीच एक होटल के बाहर वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान तलवारों से हमला किया गया, जिसमें चार स्थानीय लोग घायल हो गए। झड़प में एक सिख तीर्थयात्री भी घायल हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के मोहाली जिले के चार सिख तीर्थयात्रियों को गिरफ्तार किया था। प्रशासन फिलहाल पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


