
नई दिल्ली, 19 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- UK-India FTA 2026 : भारत और ब्रिटेन ने अपने बहुप्रतीक्षित मुक्त व्यापार समझौते (UK-India Free Trade Agreement) को लागू करने की तारीख का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। दोनों देशों के बीच यह ऐतिहासिक समझौता 15 जुलाई 2026 से प्रभावी होगा। इस करार के लागू होने के साथ ही कई उत्पादों पर लगने वाले आयात शुल्क में बड़ी कटौती देखने को मिलेगी, जिससे व्यापार और निवेश को नई गति मिलने की उम्मीद है। ब्रिटेन और भारत दोनों ने इसे द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया है। अनुमान है कि इस समझौते से दोनों देशों के बीच व्यापार में हर साल करीब 25.5 अरब पाउंड की अतिरिक्त वृद्धि हो सकती है।
व्हिस्की और लग्जरी सामान होंगे सस्ते
FTA के तहत भारत ने ब्रिटेन से आयात होने वाली स्कॉच व्हिस्की पर लगने वाले आयात शुल्क को 150 प्रतिशत से घटाकर 40 प्रतिशत करने पर सहमति जताई है। इससे आने वाले वर्षों में भारतीय बाजार में स्कॉच व्हिस्की की कीमतों में कमी देखने को मिल सकती है। इसके अलावा कोटा व्यवस्था के तहत ब्रिटिश ऑटोमोबाइल्स पर लगने वाला टैरिफ भी 100 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत किया जाएगा। ब्यूटी और पर्सनल केयर उत्पादों समेत कई अन्य सामानों पर लगने वाले 22 प्रतिशत तक के शुल्क को तत्काल या अगले 10 वर्षों के भीतर चरणबद्ध तरीके से समाप्त किया जाएगा।
भारतीय निर्यात को भी मिलेगा फायदा
समझौते के तहत ब्रिटेन भारतीय उत्पादों पर भी टैरिफ में कटौती करेगा। इससे भारतीय कपड़ा उद्योग, फुटवियर, खाद्य उत्पादों और अन्य निर्यात क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे भारतीय उत्पाद ब्रिटेन के बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बनेंगे और निर्यातकों को नए अवसर मिलेंगे।
UK-India FTA 2026 : ब्रिटेन को भी होगा बड़ा आर्थिक लाभ
ब्रिटिश सरकार के अनुमानों के अनुसार, इस समझौते से ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था में करीब 4.8 अरब पाउंड का योगदान होगा, जबकि वास्तविक वेतन में लगभग 2.2 अरब पाउंड की वृद्धि देखने को मिल सकती है। ब्रिटेन के व्यापार एवं वाणिज्य मामलों के राज्य सचिव पीटर काइल ने कहा कि सरकार इस समझौते को जल्द से जल्द लागू कर रही है ताकि व्यवसायों और उपभोक्ताओं को इसका लाभ तुरंत मिल सके। उन्होंने कहा कि पहले ही वर्ष में लगभग 400 मिलियन पाउंड की टैरिफ बचत होने का अनुमान है।
पीएम मोदी ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस समझौते का स्वागत करते हुए इसे भारत-ब्रिटेन संबंधों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के व्यापार और निवेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस करार से किसानों, श्रमिकों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और युवा उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा होंगे तथा यह विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


