
मोहाली, 5 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Mohali Girlfriend Murder Case : मोहाली के फेज-11 इलाके में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। एक निजी कंपनी के कार्यालय में काम करने वाली युवती की उसके पूर्व प्रेमी ने कथित तौर पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक ने युवती पर इतने ताबड़तोड़ वार किए कि मौके पर ही उसकी हालत गंभीर हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान 29 वर्षीय डिंपल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी युवक की पहचान 34 वर्षीय हरजिंदर मान के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से पटियाला के रहने वाले बताए जा रहे हैं और मोहाली के फेज-11 स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध थे, लेकिन पिछले कुछ समय से उनके रिश्तों में तनाव चल रहा था। जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन हरजिंदर मान ने डिंपल से बातचीत करने और रिश्ते को सुधारने की कोशिश की। हालांकि युवती ने उससे बात करने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपना आपा खो दिया और कार्यालय परिसर के अंदर ही युवती पर चाकू से हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें : Jyoti Nooran Husband : जालंधर में आधी रात को खूनी झड़प! सूफी गायिका ज्योति नूरां के पति पर लगे हमले के गंभीर आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने डिंपल की गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर लगातार कई वार किए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक युवती पर करीब 35 बार चाकू से हमला किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल डिंपल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश करते हुए अपनी गर्दन पर भी चाकू से कई वार कर लिए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कंपनी के कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया।
Mohali Girlfriend Murder Case : घटना की सूचना मिलते ही थाना फेज-11 के प्रभारी अमन बैदवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। वहीं फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतका और आरोपी के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। युवती के परिवार के बयान दर्ज किए जाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
हमारा WhatsApp Channel करें जॉइन
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


