
नई दिल्ली, 28 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Solar Panel New Rules : भीषण गर्मी और बढ़ते बिजली बिल के बीच बड़ी संख्या में लोग अब घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाने की योजना बना रहे हैं। इसी बीच सरकार 1 जून 2026 से सोलर इंडस्ट्री में एक बड़ा बदलाव लागू करने जा रही है, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ सकता है। सरकार नए नियम के तहत अब सिर्फ सोलर पैनल ही नहीं, बल्कि उसमें इस्तेमाल होने वाले ‘सोलर सेल’ के लिए भी सरकारी मानकों को अनिवार्य करने जा रही है। इस बदलाव को ALMM List-II नियम के तौर पर लागू किया जाएगा।
क्या है नया नियम?
अब तक घरों में लगाए जाने वाले सोलर पैनल सिर्फ सरकार की मंजूरशुदा ALMM List-I में शामिल कंपनियों से खरीदना जरूरी था। लेकिन 1 जून से लागू होने वाले नए नियम के अनुसार, पैनल के अंदर इस्तेमाल होने वाले सोलर सेल भी सरकार की अप्रूव्ड List-II में शामिल होने चाहिए। सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य घटिया क्वालिटी वाले विदेशी उपकरणों पर रोक लगाना और घरेलू निर्माण को बढ़ावा देना है।
Solar Panel New Rules : बढ़ सकती है सोलर सिस्टम की कीमत
विशेषज्ञों के मुताबिक नए नियम लागू होने के बाद सोलर सिस्टम की लागत बढ़ सकती है। अनुमान है कि 1 किलोवाट सोलर सिस्टम पर करीब 3,000 रुपये अतिरिक्त खर्च आ सकता है। वहीं 2 किलोवाट सिस्टम पर लगभग 6,000 रुपये और 3 किलोवाट सेटअप पर करीब 9,000 रुपये तक ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है। अगर बाजार में अप्रूव्ड सोलर सेल की सप्लाई कम रही तो कीमतों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
क्या बंद हो जाएगी सरकारी सब्सिडी?
सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों के बीच सरकार की तरफ से साफ किया गया है कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी जारी रहेगी। योजना के तहत 1 किलोवाट सिस्टम पर ₹30,000, 2 किलोवाट पर ₹60,000 और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता वाले सिस्टम पर अधिकतम ₹78,000 तक की सब्सिडी पहले की तरह मिलती रहेगी। हालांकि नए नियमों के बाद दस्तावेजों की जांच, वेंडर चयन और तकनीकी प्रक्रिया थोड़ी ज्यादा सख्त हो सकती है।
Solar Panel New Rules : उपभोक्ताओं के पास क्या विकल्प?
विशेषज्ञों के अनुसार सोलर सिस्टम लगवाने वालों के पास दो विकल्प मौजूद रहेंगे। पहला सब्सिडी रूट, जिसमें सरकार के तय मानकों के अनुसार सिस्टम लगवाना होगा। दूसरा विकल्प बिना सब्सिडी वाला प्रीमियम सिस्टम है, जिसमें लेटेस्ट ग्लोबल टेक्नोलॉजी और हाई-परफॉर्मेंस बैटरी का इस्तेमाल किया जा सकता है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


