
लखनऊ, 13 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Mulayam Singh Yadav son death : मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक 38 वर्षीय प्रतीक यादव को इलाज के लिए लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। परिवार के सदस्य उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
प्रतीक यादव के निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि उनकी मौत के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। परिवार की ओर से भी इस मामले में औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
भाजपा नेताओं ने जताया शोक
पंकज सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि यह खबर बेहद दुखद है और इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं।
उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
राजनीति से दूर रहते थे प्रतीक यादव
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। वह अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। उन्होंने लीड्स यूनिवर्सिटी, लंदन से MBA की पढ़ाई की थी और बिजनेस व फिटनेस सेक्टर से जुड़े हुए थे। हालांकि वह सक्रिय राजनीति से हमेशा दूर रहे और उन्होंने कभी चुनाव नहीं लड़ा।
2011 में हुई थी अपर्णा यादव से शादी
प्रतीक यादव की शादी 2011 में अपर्णा यादव से हुई थी। अपर्णा यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं और 2022 में भाजपा में शामिल हुई थीं। हाल के दिनों में दोनों के रिश्तों को लेकर चर्चाएं भी सामने आई थीं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


