
संगरूर, 5 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Sangrur Teenager Murder : पंजाब के संगरूर में एक मामूली कहासुनी ने खौफनाक रूप ले लिया, जिसमें 15 वर्षीय किशोर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज घटना पटियाला गेट स्थित कृष्णा बस्ती में सोमवार रात हुई।
जानकारी के अनुसार, युवकों के बीच हुए झगड़े ने अचानक हिंसक मोड़ ले लिया। हमलावरों ने हथौड़े और नुकीले हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें 10वीं कक्षा के छात्र अंकुश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 18 वर्षीय चचेरा भाई आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
बच्चों के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा
परिजनों और चश्मदीदों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत गली में बच्चों के बीच हुई थी। अंकुश के पिता, जो सुनामी गेट पर चिकन की रेहड़ी लगाते हैं, ने बताया कि हमलावरों ने उनके बेटे को बहाने से बुलाया और फिर उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
मृतक की मां ने बताया कि उनका बेटा काम से लौटकर घर आया था और पिता को चाय देने के लिए निकला था। उन्होंने कहा कि उनका बेटा बेहद सीधा-सादा था और किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।
Sangrur Teenager Murder : अस्पताल पहुंचते ही मौत की पुष्टि
सरकारी अस्पताल की डॉक्टर नितिका के अनुसार, जब दोनों को अस्पताल लाया गया, तब तक अंकुश की मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में उसकी जांघ पर गहरा घाव पाया गया, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी जान चली गई।
वहीं घायल आदित्य के शरीर पर कई गंभीर चोटें पाई गई हैं। उसकी हालत नाजुक होने के कारण उसे Rajindra Hospital रेफर किया गया है।
हमलावर फरार, इलाके में तनाव
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा।फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


