
लखनऊ, 1 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- UP Weather : उत्तर प्रदेश में बीते दो दिनों से जारी खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई है। तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक कम से कम 24 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा 16 पशुओं की भी मौत की पुष्टि हुई है।
राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं और लगातार बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। खेतों में काम कर रहे किसान, खुले में मौजूद लोग और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवार इस आपदा से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। कई इलाकों में पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति ठप होने और जलभराव जैसी समस्याएं सामने आई हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को तत्काल और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए और अस्पतालों में सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही उन्होंने मृतकों, घायलों और पशुधन के नुकसान का मुआवजा 24 घंटे के भीतर देने के निर्देश भी जारी किए हैं।
UP Weather : जिला प्रशासन और राहत टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सक्रिय हैं। वे नुकसान का आकलन कर जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने में जुटी हुई हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई है, जिससे स्थिति अभी और गंभीर हो सकती है।
वहीं, उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी मौसम ने करवट ली है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


