
चंडीगढ़, 6 अप्रैल 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Weather Alert : पंजाब में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कई जिलों में भारी बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
पूर्वानुमान के मुताबिक 6 अप्रैल को येलो अलर्ट रहेगा, जबकि 7 और 8 अप्रैल को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान जालंधर समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश, तेज हवाएं और ओले गिरने की संभावना जताई गई है। 9 अप्रैल के बाद मौसम के सामान्य होने की उम्मीद है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इन दिनों मौसम बेहद अस्थिर बना हुआ है—कभी तेज धूप तो कुछ ही घंटों में अचानक बारिश शुरू हो जाती है। हाल ही में हुई ओलावृष्टि इसका ताजा उदाहरण है, जब बिना किसी पूर्व संकेत के अचानक ओले गिरने लगे।
Punjab Weather Alert : तापमान में गिरावट, लेकिन बढ़ी चिंता
बारिश और बदलते मौसम के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18-20 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
हालांकि, यह राहत किसानों के लिए चिंता का कारण बन गई है। हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि से जालंधर, लुधियाना, अमृतसर और पटियाला समेत कई इलाकों में फसलों को नुकसान पहुंचा है। खासकर पकने की स्थिति में खड़ी गेहूं की फसल पर ओलों की मार पड़ी है, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।
किसानों का कहना है कि अगर अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ नहीं हुआ, तो नुकसान और बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


