
ओडिशा (वीकैंड रिपोर्ट)- Odisha Rape and Murder : ओडिशा के जगतसिंहपुर जिला में 23 वर्षीय युवती के साथ एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों पर दुष्कर्म और बाद में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 22 फरवरी की बताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 22 फरवरी की सुबह युवती अपने प्रेमी सोमनाथ ओझा के साथ घर से निकली थी। आरोप है कि प्रेमी ने उसे शादी का झांसा देकर सरला मंदिर बुलाया, लेकिन वहां से उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया और बाद में रहमा बस स्टैंड पर छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद युवती काफी देर तक बस स्टैंड पर अकेली खड़ी रही। इसी दौरान झारखंड के धनबाद निवासी शुभम कुमार सिंह नामक युवक वहां पहुंचा। उसने मदद का भरोसा दिलाया और युवती को पारादीप स्थित अपने किराए के मकान पर ले गया। आरोप है कि वहां उसने भी दुष्कर्म किया और बाद में चार मंजिला इमारत की छत से धक्का दे दिया, जिससे युवती की मौके पर ही मौत हो गई। अगली सुबह उसका शव बरामद किया गया।
Odisha Rape and Murder : पुलिस जांच और गिरफ्तारी
23 फरवरी को युवती के परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शव मिलने के बाद मामला हत्या और दुष्कर्म में तब्दील हुआ। 25 फरवरी को लिखित शिकायत के आधार पर विस्तृत जांच शुरू की गई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। ओडिशा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आगे की कार्रवाई
अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


