
मुंबई (वीकैंड रिपोर्ट)- Train Ticket Discount : देशभर के करोड़ों रेल यात्रियों, खासकर वरिष्ठ नागरिकों की निगाहें यूनियन बजट 2026 पर टिकी हुई हैं। इस बार बजट में बुजुर्ग यात्रियों के लिए बड़ी राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों के मुताबिक, भारतीय रेलवे कोरोना काल से पहले दी जाने वाली सीनियर सिटीज़न टिकट रियायत को दोबारा शुरू करने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। अगर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस प्रस्ताव को बजट में मंजूरी देती हैं, तो यह वरिष्ठ नागरिकों के लिए बड़ी खुशखबरी साबित होगी।
कब बंद हुई थी सीनियर सिटीज़न टिकट छूट?
मार्च 2020 से पहले भारतीय रेलवे वरिष्ठ नागरिकों को रेल टिकट पर विशेष रियायत देता था। लेकिन कोरोना महामारी के दौरान इस सुविधा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। अब एक बार फिर इसे बहाल करने को लेकर रेल मंत्रालय और वित्त मंत्रालय के बीच बातचीत चल रही है।
किन यात्रियों को मिलेगा फायदा?
सूत्रों के अनुसार, प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पुरुष और 58 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाएं इस रियायत का लाभ उठा सकेंगी। यह छूट स्लीपर से लेकर एसी फर्स्ट क्लास तक सभी श्रेणियों में लागू होने की संभावना है।
Train Ticket Discount : कितनी मिल सकती है छूट?
कोरोना से पहले की व्यवस्था के अनुसार महिलाओं को 50 प्रतिशत और पुरुषों को 40 प्रतिशत तक टिकट में छूट मिलती थी। उदाहरण के तौर पर यदि फर्स्ट एसी का टिकट ₹3000 का है, तो महिला यात्रियों को केवल ₹1500 और पुरुष यात्रियों को ₹1800 का भुगतान करना पड़ता था। इस सुविधा के दोबारा शुरू होने से तीर्थ यात्रा, बच्चों से मिलने या लंबी दूरी की यात्रा बुजुर्गों के लिए काफी सस्ती और सुविधाजनक हो जाएगी।
रेलवे की तैयारी
हालांकि रेलवे मंत्रालय की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन बजट 2026 में इस प्रस्ताव को शामिल किए जाने की पूरी संभावना जताई जा रही है। वरिष्ठ नागरिकों और उनके परिवारों में इस खबर को लेकर उत्साह का माहौल है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


