
कटरा (वीकैंड रिपोर्ट)- Maa Vaishno Devi : मकर संक्रांति के पावन अवसर पर मां वैष्णो देवी की प्राचीन गुफा के कपाट खुलने से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बुधवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद स्वर्ण जड़ित प्राचीन गुफा के कपाट दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। यह वह शुभ क्षण है, जिसका भक्त वर्षभर बेसब्री से इंतजार करते हैं। मान्यता है कि मकर संक्रांति के दिन माता रानी के विशेष दर्शन का अत्यंत पुण्य और आध्यात्मिक महत्व होता है।
मकर संक्रांति के पर्व को देखते हुए प्रशासन और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखी गई हैं। बैटरी कार सेवा भी लगातार जारी है, जिससे बुजुर्ग और असहाय श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
Maa Vaishno Devi : धर्मनगरी में मंगलवार को मौसम का असर मिलाजुला रहा। ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आवाजाही में कोई कमी नहीं आई। प्राचीन गुफा के कपाट खुलने की खबर से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार मंगलवार शाम 5 बजे तक करीब 12,500 श्रद्धालु आरएफआईडी कार्ड लेकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। आने वाले दिनों में मकर संक्रांति के चलते श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। श्रद्धालुओं का कहना है कि मकर संक्रांति पर माता रानी के दर्शन करना सौभाग्य की बात होती है और इस दिन की गई पूजा विशेष फलदायी मानी जाती है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





