
रूपनगर (वीकैंड रिपोर्ट) Bomb Threat to Court in Punjab : पंजाब में अदालतों को बम से उड़ाने की धमकियों से हड़कंप मच गया है। फिरोजपुर और मोगा कोर्ट कॉम्प्लेक्स को धमकी मिलने के बाद अब रूपनगर कोर्ट कॉम्प्लेक्स को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी मिलते ही पूरे कोर्ट परिसर को एहतियातन खाली करा लिया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, रूपनगर के सेशन जज को सोमवार सुबह करीब 11 बजे ई-मेल के जरिए बम धमाके की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और वकीलों, जजों तथा परिसर में मौजूद सभी लोगों को तत्काल बाहर निकाल दिया गया। अदालत के बाहर पार्किंग क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Bomb Threat to Court in Punjab
जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अमरीक सिंह कटवाल ने बताया कि चंडीगढ़ और रोपड़ की अदालतों को भी निशाना बनाने की बात धमकी भरे मेल में कही गई थी। फिलहाल रूपनगर पुलिस पूरे कोर्ट कॉम्प्लेक्स की बारीकी से जांच कर रही है। सुरक्षा के मद्देनज़र बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर तैनात किया गया है।
Bomb Threat to Court in Punjab उल्लेखनीय है कि इससे पहले जिला कोर्ट कॉम्प्लेक्स फिरोजपुर को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद वहां भी हड़कंप मच गया और कोर्ट परिसर के गेट बंद कर दिए गए। इसी तरह मोगा कोर्ट को भी आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी मिलने पर दोनों अदालत परिसरों को खाली करा लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह धमकी किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल के माध्यम से दी गई है।
पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और धमकी भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





