
नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- Smartphone Scam Alert : डिजिटल होती दुनिया में साइबर अपराधी ठगी के नए-नए तरीके अपनाकर आम लोगों को निशाना बना रहे हैं। अगर आप स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। भारत सरकार ने मोबाइल यूजर्स के लिए एक अहम एडवाइजरी जारी करते हुए कुछ खास अंतरराष्ट्रीय नंबरों से आने वाले कॉल और मैसेज को लेकर सतर्क रहने की चेतावनी दी है। सरकार के मुताबिक, इन नंबरों से भेजे गए मैसेज में खतरनाक मैलवेयर लिंक हो सकते हैं, जिन पर एक बार क्लिक करते ही फोन हैक हो सकता है और आपका निजी डेटा व बैंक खाता खतरे में पड़ सकता है।
सरकारी एजेंसी Indian Cyber Crime Coordination Centre (I4C) ने खासतौर पर चार नंबर सीरीज को लेकर लोगों को आगाह किया है। एजेंसी के अनुसार, यदि आपके मोबाइल पर +92, +855, +86 या +880 से शुरू होने वाले नंबर से कॉल या मैसेज आता है, तो उसे तुरंत नजरअंदाज करें। इनमें +92 पाकिस्तान का ISD कोड है, जिसका इस्तेमाल साइबर ठग अक्सर वॉट्सऐप और अन्य मैसेजिंग ऐप्स के जरिए लोगों को फंसाने के लिए करते हैं। वहीं +855, +86 और +880 जैसे नंबर VoIP यानी इंटरनेट से जनरेट किए गए वर्चुअल नंबर होते हैं, जिन्हें ट्रैक करना जांच एजेंसियों के लिए बेहद मुश्किल होता है।
Smartphone Scam Alert : आज के समय में स्मार्टफोन में ही बैंकिंग और UPI से जुड़े लगभग सभी ऐप्स मौजूद रहते हैं। ऐसे में यदि साइबर अपराधियों को फोन का रिमोट एक्सेस मिल जाए, तो वे मिनटों में बड़ी वित्तीय ठगी कर सकते हैं। ये ठग अक्सर VPN और वर्चुअल नेटवर्क का इस्तेमाल करते हैं, जिससे उनकी लोकेशन का पता लगाना और भी कठिन हो जाता है। सरकार का कहना है कि इन इंटरनेशनल नंबरों का इस्तेमाल ज्यादातर धोखाधड़ी के लिए ही किया जा रहा है।
सरकार ने साफ सलाह दी है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज को न तो रिसीव करें और न ही उसमें दिए गए किसी लिंक पर क्लिक करें। सुरक्षा के लिए इन नंबरों की तुरंत रिपोर्ट Sanchar Saathi Portal पर करें। इसके अलावा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है, ताकि समय रहते बड़े नुकसान से बचा जा सके।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


