
ढाका (वीकैंड रिपोर्ट) IPL ban in Bangladesh : बांग्लादेश में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को लेकर बड़ा और सख्त फैसला लिया गया है। बांग्लादेश सरकार ने देश में IPL के प्रचार, लाइव प्रसारण और पुनः प्रसारण पर अगले आदेश तक पूरी तरह रोक लगा दी है। यह निर्णय बांग्लादेश के स्टार तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL टीम से बाहर किए जाने के बाद लिया गया है।
बांग्लादेश के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि Board of Control for Cricket in India ने 26 मार्च से शुरू होने वाले IPL के लिए मुस्तफिजुर रहमान को Kolkata Knight Riders की टीम से रिलीज करने का फैसला किया। मंत्रालय का आरोप है कि यह निर्णय बिना किसी ठोस या तार्किक कारण के लिया गया, जो बांग्लादेशी जनता और क्रिकेट प्रेमियों के लिए अपमानजनक, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
IPL ban in Bangladesh : सरकारी बयान में स्पष्ट कहा गया है कि जब तक अगला आदेश जारी नहीं होता, तब तक Indian Premier League के किसी भी मैच का प्रचार, प्रसारण या री-टेलीकास्ट बांग्लादेश में नहीं किया जाएगा। इस फैसले के पीछे मुस्तफिजुर रहमान का मामला सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है, जो बांग्लादेश के सबसे लोकप्रिय और सफल गेंदबाजों में से एक माने जाते हैं।
दरअसल, मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक हालातों के बीच BCCI के इस फैसले ने बांग्लादेश के अधिकारियों और क्रिकेट प्रशंसकों को नाराज कर दिया है। वहां इसे केवल एक क्रिकेटिंग निर्णय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सम्मान से जुड़ा मुद्दा माना जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी इस फैसले के खिलाफ नाराजगी देखने को मिल रही है और बड़ी संख्या में फैंस IPL के बहिष्कार की मांग कर रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्रतिबंध केवल खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर भारत-बांग्लादेश के क्रिकेट संबंधों और खेल कूटनीति पर भी पड़ सकता है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड और सरकारों के बीच बातचीत होने की संभावना जताई जा रही है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





