
नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- Delhi weather update : दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को घने कोहरे की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। सुबह के समय दृश्यता लगभग शून्य तक पहुंच गई, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर बड़ा असर पड़ा। कड़ाके की ठंड के बीच वायु गुणवत्ता भी बेहद खराब दर्ज की गई और राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 403 तक पहुंच गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए बहुत घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में भी ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है।
घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर हवाई यातायात पर देखने को मिला। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए उड़ानों में देरी और रद्द होने की आशंका जताई है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की गोवा से दिल्ली आने वाली एक फ्लाइट को कोहरे के कारण अहमदाबाद डायवर्ट करना पड़ा। जयपुर एयरपोर्ट पर पहले से डायवर्ट की गई उड़ानों की भीड़ के चलते हालात और जटिल हो गए।
Delhi weather update : इंडिगो एयरलाइंस ने भी यात्रियों को सतर्क करते हुए बताया कि कम और बदलती दृश्यता के कारण उड़ानों का संचालन प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा दिल्ली आने-जाने वाली और यहां से गुजरने वाली करीब 100 ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं।
सड़क यातायात की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। नोएडा, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और रफ्तार बेहद धीमी रही।
मौसम की गंभीरता को देखते हुए नोएडा जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।
इस बीच प्रदूषण ने भी हालात और खराब कर दिए हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का औसत AQI 403 दर्ज किया गया। आनंद विहार में AQI 459 के साथ सबसे खराब स्थिति रही। वहीं IGI एयरपोर्ट क्षेत्र में 317, IIT दिल्ली में 362, ITO में 400, लोधी रोड में 359 और चांदनी चौक में 423 AQI रिकॉर्ड किया गया।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





