
वॉशिंगटन, 22 अप्रैल 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- New Oil Route : दुनिया के तेल बाजार से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जारी तनाव और तेल सप्लाई को लेकर बढ़ती वैश्विक चिंता के बीच अब एक नया विकल्प उभरता दिखाई दे रहा है। 10 साल से ज्यादा समय बाद इराक और सीरिया के बीच एक अहम सीमा मार्ग दोबारा खोल दिया गया है, जिसे तेल निर्यात के लिए बड़ा गेमचेंजर माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, इराक और सीरिया के बीच स्थित राबिया-यारुबिया बॉर्डर क्रॉसिंग को सोमवार को फिर से खोल दिया गया। यह सीमा मार्ग एक दशक से अधिक समय से बंद था। अधिकारियों का कहना है कि इस रास्ते के खुलने से व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और तेल निर्यात के लिए एक वैकल्पिक मार्ग तैयार होगा।
सीरिया ने इस क्रॉसिंग को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के विकल्प के तौर पर देखा है। मौजूदा समय में ईरान-अमेरिका तनाव की वजह से होर्मुज जलडमरूमध्य पर संकट बना हुआ है, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। यह सीमा मार्ग साल 2011 में सीरिया में गृहयुद्ध शुरू होने के बाद बंद कर दिया गया था। बाद में 2014 में इस इलाके पर आतंकी संगठन ISIS ने कब्जा कर लिया था। हालांकि, बाद में इराकी कुर्द बलों ने इस क्षेत्र को दोबारा अपने नियंत्रण में ले लिया।
New Oil Route : सीरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी SANA के मुताबिक, दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा पर व्यापार बढ़ाने, आवाजाही को आसान बनाने और समन्वय बेहतर करने को लेकर चर्चा की है। इराक के नीनवे प्रांत परिषद की सदस्य नादिया अल जुबूरी ने कहा कि इस मार्ग के दोबारा खुलने से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और तेल परिवहन के लिए एक नया रास्ता उपलब्ध होगा।
गौरतलब है कि इराक अपनी कुल सरकारी आय का करीब 90 प्रतिशत तेल निर्यात से हासिल करता है और उसका अधिकांश तेल अब तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के जरिए ही दुनिया तक पहुंचता रहा है। ऐसे में यह नया मार्ग वैश्विक तेल बाजार के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


