
टेक डेस्क (वीकैंड रिपोर्ट)- AC Blast Alert : दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच एयर कंडीशनर (AC) लोगों की जरूरत बन गया है। लेकिन लगातार सामने आ रहे AC ब्लास्ट और आग लगने के मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में दिल्ली के हौज खास इलाके में एक घर में AC में धमाके के बाद आग लग गई, जिसमें एक रिटायर्ड IAS अधिकारी की मौत हो गई। शुरुआती जांच में AC की इंडोर यूनिट में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है। फायर सेफ्टी विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मियों में AC को लंबे समय तक लगातार चलाने से कंप्रेसर पर दबाव बढ़ जाता है, जिससे मशीन ओवरहीट होने लगती है। ऐसी स्थिति में शॉर्ट सर्किट, आग लगने या ब्लास्ट जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।
क्यों बढ़ रहे हैं AC ब्लास्ट के मामले?
विशेषज्ञों का कहना है कि कई तकनीकी और रखरखाव संबंधी कारण AC में आग लगने की वजह बन सकते हैं। इनमें सबसे प्रमुख कारण लगातार कई घंटों तक AC चलाना, पुरानी या खराब वायरिंग, बिजली के वोल्टेज में उतार-चढ़ाव, फिल्टर और कॉइल में धूल जमा होना तथा रेफ्रिजरेंट गैस का रिसाव शामिल हैं। इसके अलावा समय पर सर्विसिंग न करवाना, गलत MCB का इस्तेमाल, ओवरलोडेड इलेक्ट्रिक सर्किट, आउटडोर यूनिट के आसपास पर्याप्त हवा का न होना और कम गुणवत्ता वाले स्टेबलाइजर का उपयोग भी जोखिम बढ़ा सकता है।
गर्मियों में क्यों बढ़ जाता है खतरा?
जब तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच जाता है, तब AC को अधिक मेहनत करनी पड़ती है। लगातार उपयोग से कंप्रेसर और इलेक्ट्रिकल पार्ट्स गर्म हो जाते हैं। यदि मशीन की नियमित देखभाल न की जाए तो ओवरहीटिंग के कारण आग लगने की संभावना बढ़ सकती है।
AC Blast Alert : आग लगने पर क्या करें?
फायर सेफ्टी विशेषज्ञों के अनुसार यदि AC में आग लग जाए तो सबसे पहले मुख्य बिजली सप्लाई बंद करनी चाहिए। इलेक्ट्रिक आग पर पानी डालना खतरनाक हो सकता है, इसलिए ऐसा करने से बचना चाहिए। स्थिति गंभीर होने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचें और फायर ब्रिगेड को सूचना दें। विशेषज्ञ CO2 या ड्राई पाउडर आधारित अग्निशामक यंत्र के इस्तेमाल की सलाह देते हैं।
समय पर रखरखाव है सबसे बड़ा बचाव
विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित सर्विसिंग, वायरिंग की जांच और AC की साफ-सफाई से अधिकांश हादसों को रोका जा सकता है। गर्मियों के मौसम में AC का सुरक्षित उपयोग करना और तकनीकी खराबियों को नजरअंदाज न करना बेहद जरूरी है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


