जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Weather Update : भारतीय मौसम विभाग (IMD) चंडीगढ़ ने पंजाब के लिए 9 जनवरी से 13 जनवरी तक जिलेवार मौसम चेतावनी जारी की है। इस चेतावनी के अनुसार राज्य के कई इलाकों में अगले पांच दिनों तक घना कोहरा, कहीं-कहीं बहुत घना कोहरा और शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग ने आज भी पंजाब और चंडीगढ़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
इस समय पंजाब में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और रात के साथ-साथ दिन का तापमान भी लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 13 जनवरी यानी लोहड़ी तक कोहरे और ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
Punjab Weather Update : जिलेवार मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 जनवरी को गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर जैसे उत्तर-पूर्वी जिलों में घने कोहरे के साथ शीतलहर तेज हो सकती है। वहीं फिरोजपुर, मोगा और फरीदकोट में हालात कुछ हद तक सामान्य रहने की उम्मीद है। 11 से 13 जनवरी के बीच दक्षिण और पश्चिम पंजाब के कुछ जिलों में मौसम सामान्य रह सकता है, लेकिन मध्य और पूर्वी पंजाब में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे विजिबिलिटी पर असर पड़ सकता है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सुबह के समय सावधानी बरतने, धीमी गति से गाड़ी चलाने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है। किसानों को भी मौसम को ध्यान में रखते हुए खेती से जुड़े फैसले लेने की अपील की गई है।