
चंडीगढ़, 8 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Heatwave Alert : पंजाब में एक बार फिर भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ानी शुरू कर दी हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 8 जून से शुरू हुआ गर्म हवाओं का दौर 11 जून तक जारी रह सकता है, जिसके चलते तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के अधिकांश हिस्सों में तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य का सबसे गर्म जिला बठिंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को दिन के समय घरों से बाहर निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने राजस्थान सीमा से सटे फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा जिलों के लिए विशेष येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में लू चलने और तापमान के सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि इन क्षेत्रों में गर्म हवाओं का प्रभाव सबसे अधिक महसूस किया जा सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की भी अपील की गई है।
Punjab Heatwave Alert : हालांकि गर्मी के बीच राहत की खबर भी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 11 जून से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से पंजाब के कुछ जिलों में मौसम करवट ले सकता है। 11 से 13 जून के बीच पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली सहित कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की जा सकती है। 9 और 10 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और हीटवेव का असर जारी रहेगा। वहीं 11 जून से कुछ जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से सिर ढककर बाहर निकलने, हल्के रंग के कपड़े पहनने और लू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील की गई है।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


