
चंडीगढ़/9 मार्च 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Free Ration : पंजाब में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त गेहूं लेने वाले लाखों राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी खबर है। राज्य में करीब 20,69,338 ऐसे लोग हैं जिन्होंने अभी तक अपनी ई-KYC नहीं करवाई, उन्हें 1 अप्रैल 2026 से फ्री गेहूं का लाभ मिलना बंद हो जाएगा।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार पंजाब भर में 40,50,878 परिवारों से जुड़े 1,51,67,073 लोग इस योजना के तहत मुफ्त राशन का लाभ ले रहे हैं। केंद्र सरकार द्वारा इन राशन कार्ड धारकों को साल में चार बार, हर तीन महीने के अंतराल पर गेहूं का कोटा जारी किया जाता है।
Punjab Free Ration : इस योजना के तहत राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य को प्रति महीने 5 किलोग्राम गेहूं दिया जाता है, यानी तीन महीनों के लिए कुल 15 किलो गेहूं बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध कराया जाता है।
अयोग्य लोगों को हटाने के लिए चल रहा ई-KYC अभियान
सरकार को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई अयोग्य परिवार भी राजनीतिक सिफारिश और पहुंच के दम पर राशन कार्ड बनवाकर योजना का लाभ ले रहे हैं, जबकि कई जरूरतमंद लोग इससे वंचित हैं। ऐसे मामलों में कई परिवार महंगी कोठियों और लग्जरी गाड़ियों के मालिक होने के बावजूद मुफ्त राशन ले रहे थे।
इसी को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने करीब दो साल पहले पूरे पंजाब में राशन कार्ड धारकों की ई-KYC कराने का अभियान शुरू किया। सरकार ने इस प्रक्रिया के लिए कई बार समय भी बढ़ाया और इसे चार से पांच चरणों में पूरा कराया।
हालांकि बार-बार समय देने के बावजूद करीब 14 प्रतिशत लाभार्थी अब तक ई-KYC कराने के लिए सामने नहीं आए हैं।
Punjab Free Ration : 31 मार्च आखिरी मौका
सरकार ने अब 31 मार्च 2026 तक ई-KYC करवाने की अंतिम तारीख तय कर दी है। यदि तय समय तक प्रक्रिया पूरी नहीं होती है तो ऐसे लाभार्थियों का राशन कार्ड रद्द हो सकता है या उनका नाम योजना से हटा दिया जाएगा।
क्या कहते हैं अधिकारी
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कंट्रोलर सरताज सिंह चीमा ने राशन कार्ड धारकों से अपील की है कि वे 31 मार्च से पहले अपनी ई-KYC जरूर करवाएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि हर राशन डिपो पर राशन कार्ड धारकों की ई-KYC बिल्कुल मुफ्त की जा रही है और लोगों को इसका लाभ उठाना चाहिए।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


