
कोलकाता, 4 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- West Bengal election results : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के लिए मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों ने सियासी माहौल गरमा दिया है। पश्चिम बंगाल की 293 सीटों पर जारी गिनती में अब तक के रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी बहुमत के जादुई आंकड़े 148 को पार करती नजर आ रही है, जबकि ममता बनर्जी की अगुवाई वाली TMC को बड़ा झटका लग सकता है।
राज्य में इस बार चुनाव दो चरणों में संपन्न हुए थे—पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा चरण 29 अप्रैल को हुआ। अब मतगणना के साथ यह साफ होने लगा है कि सत्ता की कुर्सी पर किसका कब्जा होगा। एक तरफ ममता बनर्जी अपनी सरकार बचाने की कोशिश में हैं, तो दूसरी ओर बीजेपी राज्य में पहली बार सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रही है।
293 सीटों पर ही क्यों हो रही गिनती?
इस बार 294 की जगह 293 सीटों पर ही मतगणना हो रही है। फाल्टा विधानसभा सीट पर वोटिंग के दौरान गड़बड़ी के आरोप सामने आए थे। इसके बाद चुनाव आयोग ने यहां 29 अप्रैल को हुई वोटिंग रद्द कर दी और 21 मई को दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया है। इस सीट के नतीजे 24 मई को घोषित किए जाएंगे।
West Bengal election results : 15 बूथों पर हुआ पुनर्मतदान
इसके अलावा दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीटों के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया गया। यह मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। निर्वाचन आयोग ने यह फैसला चुनावी अनियमितताओं की शिकायत और अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर लिया था।
दोपहर तक साफ हो सकती है तस्वीर
जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ेगी, दोपहर तक स्पष्ट हो जाएगा कि पश्चिम बंगाल की सत्ता पर इस बार किसका कब्जा होगा। फिलहाल शुरुआती रुझानों ने सियासी समीकरण पूरी तरह बदल दिए हैं और सभी की नजर अंतिम नतीजों पर टिकी हुई है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


