
झारखंड (वीकैंड रिपोर्ट)- Veer Soren Death : हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल मनाली में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अब तक सामने आए तथ्यों से घटना रहस्यमयी प्रतीत हो रही है। बताया गया है कि वीर अपने दोस्तों के साथ चार दिन पहले मनाली घूमने आया था। शुरुआती चर्चा थी कि हाई एल्टीट्यूड पर जाने से उसकी तबीयत बिगड़ी, लेकिन अब तक जांच में ऐसा स्पष्ट नहीं हुआ है।
दवा लेने के बाद बिगड़ी तबीयत
मंगलवार सुबह वीर की तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए वह दोस्तों के साथ घूमने नहीं गया और होम स्टे में ही रुका रहा। दोपहर में दोस्तों के लौटने पर उसने सिरदर्द की शिकायत की। दोस्तों ने ऑनलाइन दवा मंगवाई, जिसे लेने के बाद वह सो गया। कुछ समय बाद कमरे से गिरने की आवाज आई। अंदर जाकर देखा गया कि वीर बिस्तर से नीचे गिरा पड़ा था। उसे तुरंत सिविल अस्पताल मनाली ले जाया गया। अस्पताल ले जाते समय उसके मुंह से झाग निकलने की बात सामने आई। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
Veer Soren Death : पुलिस जांच जारी
पुलिस ने उसके दोस्त अग्नय वर्मा (उत्तर प्रदेश निवासी) का बयान दर्ज किया है। मृतक के परिजन मनाली पहुंच गए। पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन भी किराए के हेलीकॉप्टर से मनाली पहुंचे। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और शव को घर ले जाने की इच्छा जताई।
डीएसपी का बयान
मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि वीर के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। परिवार द्वारा पोस्टमार्टम से मना करने के बावजूद पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल यह मामला कई सवालों के घेरे में है और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


