
चंडीगढ़ 2 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Weather Alert : पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बीते कुछ दिनों से गर्मी और उमस के बीच राहत देने वाला मौसम अब दोबारा बदलने के संकेत दे रहा है। मौसम विभाग ने 3 जून से राज्य के कई जिलों में आंधी, तेज हवाओं और बारिश को लेकर येलो व ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके चलते लोगों को अगले कुछ दिनों तक बदलते मौसम का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, रविवार के मुकाबले राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि इसके बावजूद तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जालंधर की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में लगभग 3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया। दिन और रात के तापमान में लगभग 10 डिग्री का अंतर देखने को मिला।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिन के समय तेज धूप और बढ़ती नमी के कारण उमस का असर महसूस होगा, जबकि रात के समय तापमान में गिरावट से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और वातावरण में बढ़ती नमी के कारण आगामी दिनों में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव बना रहेगा। विभाग के अनुसार 2 जून को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा और मध्यम गर्मी का असर देखने को मिलेगा, लेकिन 3 जून से हालात बदल सकते हैं। कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
Punjab Weather Alert : इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 3 जून के लिए जालंधर, लुधियाना, कपूरथला, होशियारपुर, नवांशहर, अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट, मोगा, फरीदकोट और मानसा सहित कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
बठिंडा, मुक्तसर, फाजिल्का और फिरोजपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में मौसम का प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और बारिश होने की संभावना है। वहीं रोपड़ और आसपास के कुछ क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने के आसार जताए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


