
पुणे, 24 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Ketan Agrawal Murder Case : पुणे के एक प्रमुख उद्योगपति के बेटे केतन अग्रवाल की ट्रैकिंग के दौरान खाई में गिरकर हुई मौत के मामले में पुलिस जांच ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। शुरुआती तौर पर हादसा मानी जा रही इस घटना को अब पुलिस एक कथित सुनियोजित हत्या के रूप में देख रही है। जांच में सामने आया है कि केतन की मौत खाई में गिरने से नहीं, बल्कि कथित तौर पर धक्का दिए जाने के कारण हुई थी। पुलिस के अनुसार इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को मुख्य आरोपी बनाया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 29 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। जांच एजेंसियां अब मामले के हर पहलू की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।
जन्मदिन मनाने के बहाने ले गई थी किले पर
मृतक के पिता विशाल अग्रवाल के अनुसार, 18 जून को सिया गोयल ने केतन को जन्मदिन मनाने के बहाने लोनावला स्थित लोहगढ़ किले पर चलने के लिए कहा था। परिवार के मुताबिक सुबह करीब 8:20 बजे दोनों घर से निकले थे। इसके बाद करीब 10:45 बजे सिया की मां का फोन आया और बताया गया कि केतन खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक केतन की मौत हो चुकी थी। परिजनों का कहना है कि उन्हें शुरुआत से ही इस घटना पर संदेह था और कई परिस्थितियां इसे सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि साजिश की ओर इशारा कर रही थीं।
Ketan Agrawal Murder Case : पुलिस जांच में सामने आए नए तथ्य
जांच के दौरान पुलिस को ऐसे सबूत मिले हैं, जिनके आधार पर हत्या की साजिश की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि केतन को कथित तौर पर गहरी खाई में धक्का दिया गया था। इसी आधार पर सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। परिजनों के अनुसार दोनों परिवारों की सहमति से यह रिश्ता तय हुआ था। जनवरी में परिचय समारोह और फरवरी में रोका संपन्न हुआ था। दोनों की शादी नवंबर 2026 में होने वाली थी और इसकी तैयारियां भी शुरू हो चुकी थीं। ऐसे में इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
परिवार ने की कड़ी सजा की मांग
केतन के चाचा विजय अग्रवाल ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में आरोप सही साबित होते हैं तो दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


